Friday, October 23rd, 2026

NZ vs SCO: न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 254 रन ठोकर तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, स्कॉटलैंड को 102 रनों से दी मात

 नई दिल्ली
न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को दूसरे टी20 में 102 रनों के बड़े अंतर से हराते हुए दो मैच की टी20 सीरीज 2-0 से अपने नाम की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने टी20 क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। निर्धारित 20 ओवर में न्यूजीलैंड ने मार्क चैपमैन और माइकल ब्रेसवेल के अर्धशतक के दम पर बोर्ड पर 254 रन लगाए। इस स्कोर के सामने स्कॉटलैंड की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 152 ही रन बना सकी। न्यूजीलैंड ने पहले टी20 में मेजबानों को 68 रनों से मात दी थी।

न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, पिछले मैच के शतकवीर फिन एलन मात्र 6 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। वहीं डेन क्लीवर भी 28 रन बनाकर आउट हो गए। न्यूजीलैंड के लिए चैपमैन ने 44 गेंदों पर 5 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 83 रन की तूफानी पारी खेली, वहीं ब्रेसवेल ने 25 गेंदों पर 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। अंत में नीशम ने 12 गेंदों पर 28 रन बनाकर टीम को 250 के पार पहुंचाने में मदद की।

इस विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम कभी मैच में न्यूजीलैंड को टक्कर देते हुए नजर नहीं आई। 50 रन के अंदर टीम ने 4 विकेट खो दिए थे। क्रिस ग्रीव्स ने जरूर 37 रन की सर्वाधिक पारी खेली, मगर वह टीम की जीत के लिए काफी नहीं थी। न्यूजीलैंड के लिए जिमी नीशम और माइकल रिपन ने दो-दो विकेट लिए। न्यूजीलैंड को अब स्कॉटलैंड के खिलाफ एकमात्र वनडे मुकाबला 31 जुलाई को खेलना है।

 

 

#NZ vs SCO

Source : Agency

पाठको की राय