Friday, October 23rd, 2026

अब कब होगी बीपीएससी 67वीं पीटी परीक्षा, आयोग ने दिया यह जवाब

 नई दिल्ली
 पेपर लीक होने के चलते बीपीएससी 67वीं पीटी परीक्षा रद्द होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजरें नई तिथि पर है। अभ्यर्थियों की मांग है कि बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) जल्द से जल्द नई डेट का ऐलान करे। इस पर आयोग के परीक्षा नियंत्रक अमरेन्द्र कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नई तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है। इस परीक्षा को कराने के पहले आयोग पूरी तैयारी बेहतर तरीके से करेगी। इसके बाद परीक्षा की तिथि निर्धारित की जाएगी। इस परीक्षा में अब कई स्तरों पर कार्य होना है। आगे की परीक्षाओं में संघ लोक सेवा आयोग की पद्धति को अपनाएं जाने की योजना बनाई जा रही है।


बीपीएससी पेपर लीक की जांच कहां तक पहुंची
बीपीएससी पेपर लीक मामले में ईओयू की एसआईटी ने बुधवार को कई संदिग्धों से पूछताछ की। इनके पास से करीब आधा दर्जन मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। हालांकि जब्त मोबाइल से वायरल किए गए प्रश्न-पत्र को डिलीट कर दिया गया है। डिलिटेड डाटा को रिकवर करने में एसआईटी की साइबर फोरेंसिक टीम लगी है।

मोबाइल की कड़ी जोड़कर पहुंची एसआईटी
पेपर लीक की जांच कर रही एसआईटी, एक आईएएस अधिकारी और छात्र नेता को मोबाइल पर भेजे गए प्रश्न-पत्र के आधार पर उन लोगों तक पहुंचने में जुटी है, जिसकी संलिप्तता पेपर लीक में हो सकती है। मोबाइल नम्बर के आधार पर संदिग्धों की खोज की जा रही है। बुधवार को ऐसे ही कई संदिग्धों तक पहुंचने में एसआईटी को कामयाबी मिली। इनपर प्रश्न-पत्र को वायरल करने का आरोप है। पटना के अलावा अन्य जगहों से लाए गए संदिग्धों के पास से आधा दर्जन मोबाइल और लैपटॉप मिला है। हालांकि इनके मोबाइल से वायरल किया गया प्रश्न पत्र डिलीट कर दिया गया था। जांच के दौरान यह बात सामने आने पर एसआईटी का शक और भी गहरा गया है। प्रश्न-पत्र वायरल करने के बाद उसे मोबाइल से डिलीट किए जाने की घटना ने एसआईटी के कान खड़े कर दिए हैं। संदिग्धों से इस बाबत भी पूछताछ की गई। प्रश्न-पत्र उनतक कहां से पहुंचा और उन्होंने जब इसे दूसरे को भेजा तो डिलीट क्यों किया?

 

#बीपीएससी

Source : Agency

पाठको की राय