Sunday, October 25th, 2026

अब अगले महीने से हर दिन होगा टीकाकरण, रफ्तार तेज, टीकों का टोटा होगा खत्म 

 नई दिल्ली 
देश में अगले महीने से कोरोना टीकाकरण की रफ्तार तेज होने की संभावना है। दरअसल, केंद्र सरकार ने साल के आखिर तक सभी वयस्कों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। लेकिन अभी टीके की कमी बनी हुई है। लेकिन अगले महीने से देश में निर्मित स्पूतनिक वी के अलावा बायोलॉजिकल ई औ जायडस कैडिला का टीका भी मिलने की संभावना है। इससे प्रतिदिन 80-90 लाख टीके लगने शुरू हो जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि जुलाई में टीके की 12 करोड़ खुराकें उपलब्ध होंगी। ये खुराक कोविशील्ड एवं कोवैक्सीन की हैं। अगस्त सितंबर से इनके उत्पादन में भी थोड़ी बढ़ोत्तरी होगी। जायडल कैडिला का टीका तैयार है तथा मंजूरी की प्रक्रिया में है। इसके साथ ही बायोलॉजिकल ई के टीके के परीक्षण भी करीब-करीब पूरे हो चुके हैं तथा अगस्त से इसकी भी आपूर्ति शुरू होने की संभावना है। कैडिला का शुरुआती उत्पादन प्रतिमाह 1-2 करोड़ तथा बायोलॉजिकल ई का 4-5 करोड़ रहने की संभावना है।

इस बीच स्पूतनिक टीके का हिमाचल में उत्पादन शुरू हो गया है। जबकि इसकी खुराकें रूस से आयात होकर भी आ रही हैं। उधर, मॉडर्ना एवं सिप्ला के बीच टीके की खरीद को लेकर भी बातचीत अंतिम चरण में है। अगले महीने से मॉडर्ना का टीका भी आयात होकर आ सकता है। फाइजर से सरकार की बात अंतिम चरण में है। एक दो महीनों के भीतर आपूर्ति संभव है। मंत्रालय के अनुसार अगस्त से टीके की उपलब्धता बढ़नी शुरू होगी और सितंबर-अक्तूबर में प्रतिदिन एक करोड़ तक टीके लगाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

 

#टीकाकरण

Source : Agency

पाठको की राय