अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में बनाए जाने वाले स्मारक को लेकर अब इंतजार खत्म
ग्वालियर
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में बनाए जाने वाले स्मारक को लेकर अब इंतजार खत्म होता नजर आ रहा है। स्मारक को लेकर भोपाल से शासन का एक पत्र ग्वालियर आया है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भेजे गए इस पत्र में अटल स्मारक बनाने पर सीएम की घोषणा का हवाला देते हुए अब तक की प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी है।
जिला प्रशासन पत्र का जवाब देने के लिए स्मारक को लेकर किए गए प्लान और अब तक का पूरा अपडेट तैयार कर रहा है। इसके लिए संस्कृति विभाग के अधिकारियों से भी जानकारी मांगी गई है। इस संबध में पूरी जानकारी जल्द ही भोपाल भेजी जाएगी। बताया जाता है कि अलट स्मारक बनाने की प्रक्रिया को भी जल्द शुरू किया जाएगा।
2 जगह देखी जमीन
ल्ल अटल स्मारक को बनाने के लिए दो जगह जमीन देखी गई है। इनमें से सबसे उपयुक्त सिरोल पहाड़ी को माना जा रहा है। यहां पर लगे करीब 8 हजार पौधों के बीच अटल स्मारक बनाने का प्लान बनाया गया था। हालांकि पुराने सिरोल थाने के पीछे स्थित लगभग 40 एकड़ जगह भी देखी गई थी।
ल्ल सिरोल पहाड़ी के अलावा रमौआ डैम के पास 10 एकड़ जमीन को भी अटल स्मारक के लिए देखा गया था।
2020 में हुई थी स्मारक की घोषणा
पूर्व प्रधानमंत्री की याद में बनाए जाने वाले स्मारक को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अक्टूबर 2020 में उपचुनाव के दौरान अटल स्मारक बनाए जाने की घोषणा की थी। इस घोषणा को मुख्यमंत्री ने अपने ग्वालियर प्रवास के दौरान कई बार दोहरा भी चुके है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्मारक को लेकर कोई काम अब तक शुरू नहीं हो सका है।
कुछ ऐसा बनेगा स्मारक
अटल स्मारक को पूरी तरह से दर्शनीय बनाया जाएगा। इसमें स्मारक के बीच में स्व. अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पूरे एरिया में उद्यान विकसित किया जाएगा। यहां पूर्व प्रधानमंत्री की पसंद के फूल, पौधे और पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्मारक पर अटल जी के साहित्य, लेख, कविताएं आदि भी सहेजी जाएंगीं।

पाठको की राय