Sunday, October 25th, 2026

अब इटावा में धंसी एक्सप्रेसवे की सड़क, मिट्टी कटान में बह गई मेटल बीम

इटावा
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज बारिश भारी पड़ रही है। लोकार्पण के पांचवें दिन जालौन में एक हिस्सा धंसने के बाद छठवें दिन फिर इटावा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सड़क की बीम धंस गई। इटावा के ताखा के पास गुरुवार की रात बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर लगी मेटल बीम धंसने से स्लोब पर मिट्टी का कटान हो गया। इसकी जानकारी होते ही कार्यदायी संस्था बिल्डकान के कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।  इटावा में कुदरैल से चित्रकूट तक 296 किलोमीटर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 16 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निर्माण सबसे तेज किया गया है। लोकार्पण के पांचवें दिन बारिश में जालौन में एक्सप्रेस-वे की सड़क धंसने से आवागमन बाधित हुआ और निर्माणी कंपनी यूपीडा ने मरम्मत का काम शुरू कराया था। वहीं अगले दिन शुक्रवार को इटावा के ताखा में भी एक्सप्रेसवे के किनारे पर लगे मेटल बीम (सुरक्षागार्ड) धंसकने से अफरा तफरी मच गई।

कुदरैल से चित्रकूट की ओर जाने वाली लेन में दो किलोमीटर के बाद नगला कोरी गांव के समीप एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर लगे मेटल बीम धंसक गए। इससे स्लोब की मिट्टी का काफी गहराई तक कटाने हो गया। पानी के बहाव में मिट्टी कटान बढ़ने से एक्सप्रेसवे के किनारे पर लोहे की मेटल बीम भी धंसकर मिट्टी में समा गई। यही हाल एक्सप्रेसवे के दूसरे छोर पर भी हुआ है। एक्सप्रेस-वे पर कई जगह पर तेज बारिश में मिट्टी का कटान हुआ है, हालांकि कटान सड़क तक नहीं पहुंचने से अभी सुरक्षित है। कार्यदायी संस्था के कई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।बिल्डकान कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसीडेंट उत्तम कुमार ने बताया एक्सप्रेस-वे पर निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता से कराया गया है। वर्षा होने से रेनकट हुआ है, जिसे दुरुस्त किया जा रहा है।

 

#Expressway in Etawah

Source : Agency

पाठको की राय