अब टेलीग्राम पर हिंदू महिलाओं के खिलाफ उगला जा रहा जहर, केंद्र ने ब्लॉक किया चैनल
नई दिल्ली
मुस्लिम महिलाओं की बोली लगाने वाले बुली बाई ऐप विवाद के बाद अब Telegram के उस चैनल और कुछ फेसबुक पेजों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिसमें हिंदू महिलाओं की तस्वीरें साझा करते हुए उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आईटी एंड टेलीकॉम मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद एक ट्विटर यूजर को इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस टेलीग्राम चैनल का संज्ञान लिया है और इसे ब्लॉक भी कर दिया है। टीओआई की खबर के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार कार्रवाई के लिए राज्य के पुलिस अधिकारियों से संपर्क में है।
वैष्णव ने यह आश्वासन एक ट्विटर यूजर की ओर से की गई शिकायत के बाद दिया है। ट्विटर यूजर ने एक टेलीग्राम चैनल का नाम बताते हुए यह दावा किया था कि इसके जरिए हिंदू महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है और इसपर उनकी तस्वीरें शेयर कर आपत्तिजनक बयानबाजी हो रही है।
वैष्णव के आश्वासन देने कुछ ही मिनटों बाद जूनियर आईटी मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि उन्होंने आईटी मंत्रालय को यह निर्देश दिए हैं कि वे मेटा (फेसबुक) से हिंदू महिलाओं के खिलाफ चल रहे पेजों को हटाने के लिए कहें।

पाठको की राय