Friday, October 23rd, 2026

अब बाबरपुर गांव का नाम नानकपुर, हरियाणा सीएम बोले- इतिहास की कमी को ठीक किया जा रहा

पानीपत
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा के लिए अलग सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर सिख समुदाय के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इसके लिए कमीशन या अथॉरिटी बनाई जाएगी और उसके बाद हरियाणा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का चुनाव कराया जाएगा। साथ ही बाबरपुर गांव का नाम बदले जाने पर भी बयान दिया।

संतों के नाम पर गांव का नाम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बाबरपुर का नाम नानकपुर रखे जाने पर कहा कि ये अच्छी बात है अगर इतिहास में कहीं कोई कमी रह गई है तो उसे ठीक कर लिया जाए। नानकपुर नाम हमारे संतों के नाम पर रखा गया है, जो की सही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा जो अवैध कब्जे किए गए हैं उन पर पिछले दिनों से शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है। इस पर जिला प्रशासन कार्यवाही कर रहा है। इसका सीधा संदेश यह है कि आमजन आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से ना डरे और टेढ़ी आंख करने वाले लोगों पर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की पैनी नजर है।

बढ़ेगा समाज सेवा का कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का मामला लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन था। इस निर्णय के बाद अब प्रदेश सभी 52 गुरुद्वारा साहिब हरियाणा शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की देखरेख में समाज सेवा का कार्य करेंगे। उन्होंने उपस्थित साध संगत से अपील की कि मिलकर सभी गुरुद्वारों में जो कमेटी बनाई जाएगी उसका उद्देश्य समाज सेवा करना ही होना चाहिए। सब बिना किसी भेदभाव के सामाजिक सेवा में अग्रसर रहें। मेरे लिए ये सौभाग्य की बात है कि मुझे पानीपत के पहली पातशाही और इसराना गुरुद्वारा साहिब में आशीर्वाद लेने का मौका मिला है।

गिरदावरी के निर्देश
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि बरसाती मौसम में खड़ी फसल में हुए नुकसान की भरपाई के लिए विशेष गिरदावरी करने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। जिन किसानों की खड़ी फसल को बरसात के कारण नुकसान हुआ है उनकी विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी। उन्होंने खरीद को लेकर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि आगामी 1 अक्टूबर से एफसीआई के माध्यम से धान की खरीद की जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार की तरफ से सभी तैयारी कर ली गई हैं।

ये भी रहे शामिल
साध संगत की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल,सांसद संजय भाटिया,राज्यसभा सदस्य कृष्ण लाल पंवार,विधायक महिपाल ढांडा,विधायक प्रमोद विज को शिरोपा भेंट किया गया। इस अवसर पर डीसी सुशील सारवान,एसपी शशांक कुमार सावन,भाजपा जिला अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता,सरदार जगदीश सिंह झिंडा, सरदार लखविंदर सिंह, सरदार गुरुचरण सिंह, सरदार हरविंदर सिंह लाडी,इसराना साहिब गुरुद्वारा से बाबा दलविंदर सिंह खालसा, सुखप्रीत सिंह, अमनप्रीत सिंह हरप्रीत सिंह नरूला मौजूद रहे।

 

#Now the name

Source : Agency

पाठको की राय