Sunday, October 25th, 2026

अब सताने लगी गर्मी, पटना सहित दक्षिण बिहार में गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ा

पटना 
बिहार में अब गर्मी बढ़ने लगी है। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। इधर पिछले 24 घंटों में पटना सहित राज्य के दक्षिणी मध्य और दक्षिणी पश्चिमी जिलों में पछुआ हवा की रफ्तार में तेजी आई है। हालांकि उत्तर बिहार में दक्षिण बिहार की अपेक्षा कम गर्मी रही। सूरज की तल्खी और गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ने की वजह से राज्य के कई जिलों में हीट वेव जैसी परिस्थितियां तैयार हो रही हैं। 

राहत की बात यह है कि सोमवार को अधिकतर शहरों का पारा 40 से नीचे रहा। मौसमविदों का अनुमान है कि अगर अगले दो दिनों में अधिकतम पारा दो से तीन डिग्री और ऊपर पहुंचा तो हीट वेव की घोषणा कर दी जाएगी। रविवार को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद और अरवल में दोपहर में देह झुलसाने वाली गर्मी रही। अगले एक दो दिनों में इन जिलों में पारा और ऊपर जाने के आसार हैं। पटना सहित राज्य के दक्षिणी भाग में सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक गर्म हवाओं की स्थिति बनी रही। 

पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है
राज्य के अधिकतर शहरों में अधिकतम पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर है, जबकि गया में एक डिग्री अधिक है। भागलपुर में पारा सामान्य से आंशिक ऊपर है। शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ते ही इन सभी शहरों की आर्द्रता में भारी कमी आई है। गया में सोमवार को आर्द्रता 13 प्रतिशत तक पहुंच गई।

 

Source : Agency

पाठको की राय