Tuesday, October 20th, 2026

अब पीएम मोदी संभालेंगे चुनावी बागडोर, कल जाट लैंड से होगा रैलियों का आगाज, नमो एप पर मांगे सुझाव

 लखनऊ

यूपी के चुनावी संग्राम में भाजपा अब अपने सबसे बड़े ब्रांड को उतारने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 जनवरी को पहली चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली वर्चुअल होगी। उन्होंने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी और लोगों से रैली के लिए नमो एप के जरिए सुझाव भी मांगे हैं। पीएम मोदी अपने चुनाव अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उस जाटलैंड से करने जा रहे हैं, जो किसान आंदोलन से प्रभावित रहा था। वहां सपा-रालोद मिलकर भाजपा को चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं। इस वर्चुअल रैली में मोदी सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत और गौतमबुद्धनगर के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से मुखातिब होंगे।

पीएम ने ट्वीट कर कहा कि जनभागीदारी और जन विश्वास में ही लोकतंत्र की ताकत निहित है। यूपी के पांच जिलों के लिए होने वाली वर्चुअल रैली में आपकी हिस्सेदारी महत्वपूर्ण है। मेरा आग्रह है कि इस रैली के लिए आप अपने सुझाव नमो एप पर जाकर अवश्य साझा करें। पार्टी सूत्रों की मानें तो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रदेश में लगातार रैलियां करेंगे।


यदि आयोग रैलियों से रोक नहीं हटाता है तो पीएम के यह कार्यक्रम वर्चुअल होंगे। पहली रैली में पांच जिलों के 21 विधानसभा क्षेत्रों को लिया गया है। इन जिलों में पार्टी द्वारा अपने सौ संगठनात्मक मंडलों पर स्क्रीन लगाकर कोरोना प्रोटोकॉल के हिसाब से पीएम मोदी को सुनने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पार्टी द्वारा जो एलईडी वैन विधानसभा क्षेत्रों में भेजी गई हैं, उनके जरिए भी लोग प्रधानमंत्री का भाषण सुन सकेंगे। पार्टी ट्विटर, फेसबुक सहित तमाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी इसे सुनवाने की व्यवस्था कर रही है। कोरोना के साए में यह विधानसभा चुनाव तमाम बंदियों के साए में हो रहा है। चुनावी रैलियों, सभाओं, रोड शो जैसे भीड़ वाले कार्यक्रमों पर चुनाव आयोग ने 31 जनवरी तक रोक लगा रखी है। समीक्षा के बाद आयोग इस पर फैसला लेगा।

पार्टी पहले ही उतार चुकी है सारे हैवीवेट चेहरे

प्रदेश में विधानसभा चुनावों की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हो रही है। भगवा कैंप अपने तमाम हैवीवैट चेहरों को पहले ही मैदान में उतार चुका है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित तमाम बड़े नेताओं के जिलों में प्रवास चल रहे हैं।

 

#पीएम मोदी

Source : Agency

पाठको की राय