Saturday, October 24th, 2026

अब घटाये गये कई स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दाम, 50 के बदले देने होंगे 10 रुपये

दानापुर
दानापुर रेल मंडल के कई स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों के बढ़े दाम अब घटा दिये गये हैं. पहले की तरह ही अब सभी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट दस रुपये में ही मिल रहा है. रेल मंडल की ओर से इसकी अनुमति मिलने के बाद अब नया आदेश प्रभावी हो गया है.

कोरोनाकाल में प्लटेफॉर्म टिकटों के दाम 10 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिये गये थे. कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर बिहार में अब शांत हो चुकी है. कोरोना संक्रमण पर लगाम लगने के बाद ट्रेनों में सफर तो शुरु हो चुका था लेकिन आम लोगों की समस्या तब और अधिक बढ़ गयी जब उन्हें लंबे समय बाद भी प्लेटफॉर्म टिकट के लिए पांच गुना अधिक पैसे देने पड़ रहे थे.

दानापुर रेल मंडल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट कोरोनाकाल के तरह 50 रुपये में ही दिये जा रहे थे. अधिकतर यात्रियों ने प्लेटफॉर्म टिकट ही लेना बंद कर दिया था और जुगाड़ यह निकाल लिया कि नजदीकी स्टेशन का टिकट लेने लग गये. किसी अगले स्टेशन का टिकट 10 से 20 रुपये में मिल जाता तो उन्हें 30 से 40 रुपये की बचत हो जाती थी. लेकिन यह मुद्दा अब तूल पकड़ चुका था कि स्थिति सामान्य होने के बाद भी प्लेटफॉर्म टिकट के दाम पहले की तरह बदले क्यों नहीं जा रहे.

पूर्व मध्य रेल में केवल दानापुर मंडल के 13 बड़े छोटे स्टेशनों पर ही प्लेटफॉर्म टिकट महंगा मिल रहा था. रेलवे के अधिकार कइ दिनों से इस मुद्दे पर टालमटोल करते रहे. समीक्षा की बात कही जाती रही और अब जाकर इसमें बदलाव कर दिया गया है. पटना जंक्शन पर रविवार से 50 रुपये के बदले अब 10 रुपये में प्लेटफॉर्म टिकट दिये जा रहे हैं. राजेन्द्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र, मोकामा, डुमरांव, पटना साहिब, बिहटा, दानापुर, बक्सर समेत कई अन्य स्टेशनों पर ये बदलाव हो गया है.

 

#platform ticket

Source : Agency

पाठको की राय