श्रीनगर के लाल चौक पर अब एक नहीं कई तिरंगे
श्रीनगर
'हाथ में तिरंगा लेकर श्रीनगर के लाल चौक आऊंगा, तब फैसला हो जाएगा किसने अपनी मां का दूध पिया है'... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह भाषण और लाल चौक पर तिरंगा फहराने की तस्वीर एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल है। वजह नरेंद्र मोदी और उनके उठाए गए कदम हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 (Article 370) हटाए जाने के बाद राजधानी श्रीनगर में स्थित लाल चौक पर तिरंगा फहराया जाने लगा है। इस बीच सोमवार को ऐतिहासिक लाल चौक स्थित घंटाघर से भारतीय जनता पार्टी की तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। इसकी अगुवाई बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु से सांसद तेजस्वी सूर्या ने की। इस दौरान लाल चौक तिरंगे झंडे से पाट दिया गया। हर तरफ भारत माता की जय के नारे लगाए गए।
श्रीनगर के लाल चौक से निकली BJP की तिरंगा रैली
श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर स्थित घंटाघर से बीजेपी की तिरंगा बाइक रैली रवाना हुई। जो कि लाल चौक से होकर करगिल युद्ध स्मारक तक निकाली गई। इसके लिए बीजेपी की जम्मू कश्मीर इकाई ने छह समितियां बनाई थी। इस रैली में कम से कम 100 से अधिक मोटरसाइकिल सवार लोगों ने हिस्सा लिया।
उन्हीं तस्वीरों को साझा करते हुए बीजेपी नेता तेजस्वी सूर्या ने लिखा है कि कुछ साल पहले, लाल चौक देशद्रोही और अलगाववादी भावनाओं से भरा हुआ था. तिरंगा फहराने की हिम्मत करने वालों को आतंकियों ने हत्या की धमकी दी थी. 1992 में नरेंद्र मोदी जी ने गर्व के साथ यहां तिरंगा फहराया, जिसके कारण आज 30 साल बाद इसे पुनः फहरा पाया है. वैसे उस समय पीएम नरेंद्र मोदी की सिर्फ ये तिरंगा फहराते हुए तस्वीर वायरल नहीं हुई थी, वहां जाने से पहले उन्होंने एक जोरदार भाषण भी दिया था. उस भाषण में मोदी ने कहा था कि हाथ में तिरंगा लेकर श्रीनगर के लाल चौक आऊंगा, तब फैसला हो जाएगा किसने अपनी मां का दूध पिया है.
अब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म कर दिया गया है. जमीन पर माहौल बदला है. इसी बदले हुए माहौल में एक बड़ा सियासी संदेश देने के लिए बीजेपी ने सोमवार को बाइक रैली का आयोजन किया. 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने 100 बाइकों पर सवार श्रीनगर से कारगिल तक #TirangaYatra निकाली. आजादी का महोत्सव मनाया गया.
लोगों को संबोधित करते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा कि 370 हटने के बाद लाल चौक पर पहली बार कोई राजनीतिक कार्यक्रम किया गया है. ये मेरे लिए काफी गर्व की बात है.

पाठको की राय