Sunday, October 25th, 2026

अब पूरे देश में होगा खेला, जनता को चाहिए 'सच्चे दिन': ममता बनर्जी

नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के बाद अब ममता बनर्जी की नजर दिल्ली पर है। जिस वजह से वो इन दिनों राजधानी के दौरे पर आई हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों के कई नेताओं से मुलाकात की। साथ ही मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब पूरे देश में खेला होगा। ये एक सतत प्रक्रिया है, जब आम चुनाव आएंगे तो वो मोदी बनाम देश होगा।

सीएम ममता के मुताबिक नरेंद्र मोदी 2019 में लोकप्रिय थे। अब उन्होंने कोरोना महामारी में मरे लोगों का रिकॉर्ड रखना जरूरी नहीं समझा। जिस वजह से शवों का अंतिम संस्कार किए बिना उन्हें गंगा जी में फेंक दिया गया। इस त्रासदी में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, वो कभी पीएम मोदी को माफ नहीं करेंगे। इस वजह से आने वाला चुनाव देश बनाम मोदी होगी। उनके मुताबिक देश ने 'अच्छे दिन' बहुत देख लिए, अब सभी को 'सच्चे दिन' देखना है। वहीं जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या वो विपक्ष का चेहरा होंगी, इस पर उन्होंने कहा कि मैं कोई राजनीतिक ज्योतिषी नहीं हूं, ये स्थिति पर निर्भर करता है। उनकी सोनिया गांधी और अरविंद केजरीवाल से मुलाकात होनी है। ऐसे में संसद सत्र के बाद सभी विपक्षी दलों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी मजबूत पार्टी है, ऐसे में विपक्ष को भी मजबूत होना चाहिए। पेगासस पर सीएम ने कहा कि मेरा फोन पहले ही टैप हो चुका है। जब वो अभिषेक से बात करती हैं, तो उनका फोन अपने आप टैप हो जाता है। पेगागस ने सभी की जान खतरे में डाल दी है।

'मुफ्त टीके के लिए पैसा नहीं'
महंगाई पर ममता बनर्जी ने कहा कि जीडीपी अब पेट्रोल-डीजल के बदौलत चल रही है। सरकार लगातार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ा रही है, लेकिन उसके पास जनता को कोरोना वायरस का मुफ्त टीका देने के लिए पैसा नहीं है। त्रिपुरा में हुई हिंसा पर उन्होंने कहा कि उनकी ओर से कई लोगों को त्रिपुरा भेजा गया था, लेकिन उनको वहां पर नजरबंद कर दिया गया।

 

#ममता बनर्जी

Source : Agency

पाठको की राय