Wednesday, October 21st, 2026

अब पांच नहीं तीन साल के लिए बन पाएंगे सूचना आयुक्त, मप्र में रिक्त पदों को भरने इसी माह बुलाए आवेदन

भोपाल
राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पांच पद रिक्त है और एक पद इसी माह रिक्त होने जा रहा है। इन पदों को भरने के लिए राज्य सरकार ने तीस नवंबर तक आवेदन बुलाए है।  इस बार की नियुक्ति में सबसे खास बात यह होगी कि यह नियुक्तियां अब पांच साल नही तीन साल के लिए होगी। मध्यप्रदेश में मुख्य सूचना आयुक्त का एक और सूचना आयुक्त के दस पद स्वीकृत है। अभी मुख्य सूचना आयुक्त एके शुक्ला है और इसके अलावा पांच सूचना आयुक्त काम कर रहे है।

एक सूचना आयुक्त अहिरवार इसी माह रिटायर होंने जा रहे है और एक अन्य सूचना आयुक्त आयुक्त डॉ. गोल्ला कृष्णमूर्ति का कार्यकाल भी अगले माह समाप्त हो जाएगा। इस तरह जनवरी में मध्यप्रदेश में सूचना आयुक्त के सात पद रिक्त हो जाएंगे। इस माह के अंत तक राज्य सूचना आयोग में कुल छह पद रिक्त हो जाएंगे। इनमें से सरकार दो से तीन सूचना आयुक्तों की तैनाती कर सकती है।

आवेदक विधि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, समाज सेवा, प्रबंध, पत्रकारिता, जनसंपर्क माध्यम या शासन, प्रशासन में व्यापक ज्ञान और अनुभव वाले समाज के प्रख्यात व्यक्ति इसके लिए पात्र होंगे। राज्य सूचना आयुक्त किसी संसद, विधानमंडल के सदस्य नहीं होंगे और कोई अन्य लाभ का पद धारण नहीं करेगा या किसी राजनीतिक दल से संबद्ध नहीं होगा या कोई कारोबार नहीं करेगा या कोई वृत्ति नहीं करेगा।

राज्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति तीन साल या पैंसठ वर्ष की आयु जो पहले हो तक के लिए की जाएगी। राज्य सूचना आयुक्त के रूप में पुनर्नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होगा। केन्द या राज्य की सेवा में तैनात अधिकारी राज्य सूचना आयोग में नियुक्ति की तारीख से ऐसी सेवा से सेवानिवृत्त समझा जाएगा।

प्रत्येक सूचना आयुक्त को प्रतिमाह दो लाख पच्चीस जार रुपए वेतन मिलेगा। यदि नियुक्ति के समय कोई पेंशन मिल रही हो तो राज्य सूचना आयुक्त के वेतन में से उसे कम कर दिया जाएगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता भी उसे दिया जाएगा।

राज्य सूचना आयुक्तों के रिक्त पदों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की वेबसाईट जीएडी डॉट एमपी डॉट जीओवी डाट इन पर आॅनलाईन आवेदन किया जा सकेगा। तीन नवंबर को शाम पांच बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। राज्य सूचना आयुक्त बनने के लिए रिटायर्ड आईएएस कवीन्द्र कियावत, रजनीश श्रीावस्तव, मुक्तेश वार्ष्णेय सहित कई रिटायर्ड अफसर कतार में है।

 

#information

Source : Agency

पाठको की राय