Friday, October 23rd, 2026

अब आईएएस वीरा राणा की सिफारिश पर होंगे आईएएस के तबादले

भोपाल
मध्यप्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादले अब माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष आईएएस वीरा राणा की सिफारिश पर होंगे। राज्य सरकार ने उन्हें सिविल सेवा बोर्ड में शामिल किया है। आईएएस अधिकारियों के तबादले, पदस्थापना करने के लिए सिविल सेवा बोर्ड का गठन किया गया है। आईएएस के तबादलों और पदस्थापना के प्रस्ताव पहले सिविल सेवा बोर्ड में रखे जाते है। बोर्ड की अनुशंसा के बाद ही सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक तबादले और पदस्थापना आदेश जारी करता है। सिविल सेवा बोर्ड में मुख्य सचिव अध्यक्ष होते है और वरिष्ठतम अपर मुख्य सचिव अथवा राजस्व बोर्ड के अध्यक्ष या आयुक्त वित्त अथवा समकक्ष पद या स्तर का अधिकारी बोर्ड का सदस्य होता है। सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक का प्रमुख सचिव इस बोर्ड का सदस्य सचिव होता है। इन तीनों के समक्ष प्रस्ताव रखे जाते है। बोर्ड की सिफारिश पर ही आदेश जारी किए जाते है। मध्यप्रदेश में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष आईसीपी केसरी के सेवानिवृत्त होने के बाद अब यहां माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष वीरा राणा को सिविल सेवा बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। अब तबादलों के संबंध में होने वाले निर्णयों पर विचार करने में उनकी प्रमुख भूमिका रहेगी।

 

#IAS

Source : Agency

पाठको की राय