Sunday, October 25th, 2026

अब आॅनलाइन भी खरीदी जा सकेंगी कक्षा 11वीं और 12वीं की पुस्तकें

रायपुर
छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम द्वारा एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित कक्षा 11वीं और 12वीं की कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय की पाठ्य पुस्तकें राज्य के सभी विद्यालयों, अभिभावक, विद्यार्थियों और अन्य को छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के पुस्तक भण्डारों से सीधे क्रय करने पर 15 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। यह पुस्तकें छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के पुस्तक भण्डार रायपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और रायगढ़ से प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए निगम की वेबसाइट पर आर्डर करके आॅनलाइन भुगतान कर डिपो से पुस्तकें प्राप्त की जा सकेगी। पुस्तकें पाठ्यपुस्तक निगम में पंजीकृत दुकानदारों की दुकान से भी क्रय की जा सकेंगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय और सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को उनके अधीन आने वाले शासकीय और अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों को पाठ्यपुस्तक द्वारा मुद्रित पाठ्य पुस्तकों के अनुरूप अध्ययन-अध्यापन संपादित कराने हेतु निर्देशित किया है।

छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम द्वारा विद्यालयों, अभिभावक, विद्यार्थियों और अन्य को आॅनलाईन घर पहुंच सेवा प्रदाय की जा रही है। एनसीईआरटी की कक्षा 11वीं और 12वीं की मुद्रित पाठ्यपुस्तकों का आॅनलाइन क्रय छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम की वेबसाइट पर जाकर किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट टीबीसी डॉट सीजीडॉट एनआईसी डॉट इन पर लॉग इन करना होगा। लॉग इन करते ही वेबसाइट में लाल रंग के बॉक्स में बाय बुक्स आॅनलाइन का आप्शन आएगा। उसे क्लिक करते ही एक आर्डर फार्म खुलेगा जिसे सावधानीपूर्वक भरना होगा। फार्म में इच्छुक व्यक्तियों को अपना पूरा नाम, डाक का पूरा पता, मोबाइल नम्बर और अपनी आवश्यकता की पुस्तकों के नाम एवं संख्या (जो पहले से ही कीमत के साथ अंकित हैं) भरने होंगे। सभी जानकारी पूर्ण करने के उपरांत डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, पेटीएम आदि के माध्यम से आॅनलाइन पेमेंट करना होगा। निगम द्वारा अनुमोदन उपरान्त पुस्तकें 7-8 दिन में डाक के पते पर भेजी जाएंगी। यदि आॅनलाइन आर्डर करते समय कोई असुविधा हो तो छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम की वेबसाइट में दिए गए हेल्पलाईन नम्बर 93003-93199 या 94255-10660 पर संपर्क किया जा सकता है। आॅनलाइन आर्डर करने पर डाक खर्च की छूट दी जाएगी।

 

#Now books

Source : Agency

पाठको की राय