भोपाल में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण का एक भी मरीज नहीं मिला
भोपाल। भोपालवासियों के लिए अच्छी खबर है। बीते दो साल में कोरोना संक्रमण को लेकर तीन लहर आई, इसमें लगातार कोरोना के नए मरीज मिले। लेकिन दो साल में पहली बार ऐसा हुआ है कि भोपाल में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण का एक भी मरीज नहीं मिला। यही हाल प्रदेश के कई जिलों का हैं, जहां कोरोना संक्रमण की रफ्तार बिल्कुल कम हो गई है। यहां पर भी नए मरीजों की संख्या 0 पर पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में भोपाल में नए केस के मामले जीरो रहे। करीब 986 लोगों ने कोरोना संक्रमण को लेकर सैंपल दिए थे, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। वहीं, अब भोपाल में मात्र 5 कोरोना के मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज जारी है। कुल 24 एक्टिव केस में 19 मरीज घर पर ही संक्रमण का इलाज ले रहे हैं। गौरतलब है कि 22 मार्च, 2020 को भोपाल में पहला कोरोना केस मिला था। शहर के प्रोफेसर कॉलोनी में एक लड़की कोरोना से संक्रमित पाई गई थी। यह लड़की लंदन से लौटी थी।
प्रदेश में 24 घंटे में सिर्फ 15 केस
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में सिर्फ देवास, ग्वालियर, इंदौर, झाबुआ, मंडला, नरसिंहपुर और रायसेन में ही मरीज मिल रहे हैं। बाकी जिलों में जीरो केस हैं। विभाग के अनुसार प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 15 नए केस मिले हैं और करीब 176 के करीब एक्टिव केस पूरे प्रदेश में बचे हुए हैं। रविवार को पूरे प्रदेश में करीब 11 हजार सैंपलों की जांच की गई थी।

पाठको की राय