Tuesday, October 20th, 2026

उत्तर कोरिया के तानाशाह ने एक बार फिर अपने जंगी साजो सामान में बढ़ोतरी का फैसला किया

सियोल
उत्तर कोरिया के तानाशाह ने एक बार फिर अपने जंगी साजो सामान में बढ़ोतरी का फैसला किया है। तानाशाह किम जोंग-उन ने देश की परमाणु क्षमता और युद्ध प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने की बात कही है। यह जानकारी उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने बुधवार को दी। राज्य मीडिया ने बुधवार को कहा कि उन ने अमेरिका की ओर से “बढ़ते परमाणु खतरों” का जिक्र करते हुए अपना संकल्प दोहराया।

कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने अंग्रेजी भाषा में एक संदेश जारी कर बताया कि “रणनीतिक मिसाइल ठिकानों” के निरीक्षण के दौरान किम जोंग-उन ने यह टिप्पणी की। समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक इस रिपोर्ट में निरीक्षण का स्थान या तारीख नहीं बताई गई है।

इस संदेश के मुताबिक, “जैसा कि हाल ही में कई अवसरों पर जोर दिया गया है, अमेरिकी सामरिक परमाणु हथियार डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया (उत्तर कोरिया का आधिकारिक नाम) की सुरक्षा के लिए लगातार खतरे पैदा कर रहे हैं। इन गंभीर खतरों को देखते हुए तत्काल आवश्यकता है कि डीपीआरके अपनी युद्ध प्रतिरोधक क्षमता को और अधिक मजबूत करे तथा परमाणु शक्तियों के प्रति गहन और सख्त प्रतिक्रियात्मक रुख अपनाए।”

केसीएनए ने आगे बताया, निरीक्षण के दौरान किम ने मिसाइल ठिकानों के प्रक्षेपण सुविधाओं का जायजा लेने के साथ सामरिक मिसाइल इकाइयों के परिचालन की तत्परता को भी परखा। रिपोर्ट में कहा गया है कि किम ने मिसाइल ठिकानों को और अधिक आधुनिक बनाने तथा सुदृढ़ करने के महत्व पर भी जोर दिया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी सुविधाएं मजबूत जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हों।

उत्तर कोरिया ने आगामी अमेरिकी चुनाव से ठीक दो सप्ताह पहले इस तरह का बयान देकर अपना आक्रामक रवैया जाहिर कर दिया है। हाल ही में उसकी ओर से ऐसी कई कोशिशें हुई हैं जो तनाव की स्थिति पैदा करती हैं। जैसे उसने अपनी यूरेनियम संवर्धन सुविधा का खुलासा किया, फिर बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रक्षेपण किया और पिछले कुछ महीनों से सीमा पार (दक्षिण कोरिया ) कचरा ले जाने वाले गुब्बारे भेज रहा है।

 

 

#Dictator Kim Jong-un

Source : Agency

पाठको की राय