Wednesday, October 21st, 2026

UNSC की आपात बैठक से बौखलाया उत्तर कोरिया, जो चोल सु ने संयुक्त राष्ट्र परिषद को दी चेतावनी

सियोल
उत्तर कोरिया ने उसके मिसाइल प्रक्षेपण कार्यक्रम की आलोचना को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) पर दोहरे व्यवहार का आरोप लगाते हुए उसे भारी कीमत चुकाने की धमकी दी है।

यूएनएससी की बंद कमरे में हुई आपात बैठक में फ्रांस ने कहा था कि वह उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपण कार्यक्रम को लेकर चिंतित है और उससे बैलिस्टिक मिसाइल फायरिंग पर प्रतिबंध लगाने वाले परिषद के प्रस्तावों को पूरी तरह से लागू करने का आह्वान करता है।

इसके जवाब में उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी जो चोल सु ने संयुक्त राष्ट्र परिषद को चेतावनी दी कि अगर वह उत्तर कोरिया की संप्रभुता पर हमला करने की कोशिश करता है, तो भविष्य में इसके खतरनाक परिणाम हो सकते हैं।

उत्तर कोरियाई मीडिया में प्रसारित बयान के मुताबिक, जो ने संयुक्त राष्ट्र के निकाय पर दोहरा मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विश्व निकाय अमेरिका और उसके साझेदारों के प्रति इसी तरह के हथियार परीक्षण पर समान रुख नहीं अपना रहा है। बता दें कि करीब छह महीने तक शांत रहने के बाद उत्तर कोरिया ने सितंबर में फिर से नई विकसित मिसाइलों का परीक्षण शुरू किया, जो परमाणु हाथियार ले जाने में सक्षम हैं और जिनकी जद में अमेरिका के सहयोगी दक्षिण कोरिया और जापान हैं।

उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया से सशर्त वार्ता की पेशकश की है। कुछ विशेषज्ञों का मनना है कि यह पेशकश सियोल पर दबाव बनाने की कोशिश हो सकती है, ताकि वह अमेरिका से उत्तर कोरिया पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में ढील देने के लिए कहे।

 

#Jo Chol Su

Source : Agency

पाठको की राय