Monday, October 19th, 2026

उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष एमएलसी आरएन सिंह नहीं रहे, गोरखपुर में हुआ न‍िधन

गोरखपुर
मुंबई में उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष व महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रामनिवास सिंह उर्फ आरएन सिंह का रविवार को निधन हो गया। गोरखपुर में अपना जन्मदिन मनाने के बाद वह मुंबई जाने के लिए शाम करीब पांच बजे एयरपोर्ट आए थे। हवाई अड्डा परिसर में कार से उतरते ही वह बेहोश हो गए। आननफानन उन्हें एम्स ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा होगा, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

शनिवार को था जन्मदिन, मनाने के लिए गोला स्थित गांव आए थे महाराष्ट्र के एमएलसी
गोला के भरौली गांव निवासी रामनिवास सिंह 30 दिसंबर को अपने पैतृक गांव आए थे। अगले दिन अपने शिक्षण संस्थान रामसखी रामनिवास शिक्षण संकुल के वार्षिकोत्सव में मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ उन्होंने जरूरतमंदों को वस्त्र, कंबल आदि वितरित किया था। एक जनवरी को अपना 74वां जन्मदिन पूजा-अर्चना के साथ मनाया और शाम को क्षेत्र के गण्यमान्य लोगों के साथ सहभोज किया। दो जनवरी को परिवार सहित मुंबई जाने के लिए वह एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें चार्टर्ड प्लेन से जाना था।

आज होगा अंतिम संस्कार
आरएन सिंह के निधन की खबर फैलते ही गोरखपुर से मुंबई तक शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोग पार्थिव देह लेकर गांव पहुंचे तो शुभेच्छुओं का तांता लग गया। स्वजन के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। उनकी दो बेटी गीता और चंदा के अलावा एक पुत्र संतोष सिंह हैं।

चार्टर्ड प्लेन से जा रहा था परिवार
एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई ने बताया कि शाम पांच बजे एक परिवार के १४ लोगों को चार्टर्ड प्लेन से मुंबई जाना था। टर्मिनल भवन के बाहर एक यात्री को सीने में दर्द उठ गया, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। चार्टर्ड प्लेन के क्रू मेंबर अभी रुके हुए हैं।

 

 

#North Indian Union President

Source : Agency

पाठको की राय