उत्तरी सर्द हवाओं ने बढ़ाई प्रदेश में ठिठुरन
भोपाल
मध्य प्रदेश के पड़ोसी राज्य गुजरात और राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वर्तमान में हवाओं का रुख भी उत्तरी हो गया है। जिसके चलते उत्तर भारत की तरफ से आ सर्द हवाओं ने राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। 19 दिसंबर से एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत की तरफ बढ़ने के आसार हैं। उसके प्रभाव से हवा का रुख बदलने लगेगा। वातावरण में नमी बढ़ने के कारण एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। इससे ठंड से कुछ राहत मिलने लगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि शुक्रवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री से. दर्ज किया गया। जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही गुरुवार के न्यूनतम तापमान (27.8 डिग्री सेल्सियस) की तुलना में छह डिग्री सेल्सियस कम रहा। साहा के मुताबिक शनिवार को भी अधिकतम तापमान इसी तरह बना रहेगा। दरअसल सुबह के समय कोहरा और दिन भर धुंध बनी रहने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के अलावा पड़ोसी राज्य गुजरात, राजस्थान भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। हवा का का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण राजधानी सहित पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक बना रहेगा। इसके बाद रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे ठंड से कुछ राहत मिलने लगेगी।

पाठको की राय