Saturday, October 24th, 2026

उत्तर बिहार: नये इलाकों में फैला पानी, नरकटियागंज रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद

मुजफ्फरपुर
बारिश और नेपाल से आनेवाली नदियों में उफान से उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। पश्चिम व पूर्वी चम्पारण के साथ-साथ शिवहर और सीतामढ़ी में कई ग्रामीण सड़कों पर आवागमन ठप है। सिकरहना की बाढ़ के कारण मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर रविवार दोपहर से ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। सुगौली जंक्शन पर रेलवे ट्रैक पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। पूर्वी चम्पारण के दस प्रखंड की एक लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से परेशान है। सुगौली प्रखंड व अंचल कार्यालय, थाना से लेकर शहर के कई मोहल्लों में सिकरहना का पानी प्रवेश कर जाने से लोगों में त्राहिमाम की स्थिति है। शिवहर में बागमती पर बने सुरक्षा बांध के टूटने से पानी दस से अधिक गांवों में तबाही मचा रही है। शिवहर शहर के निचले क्षेत्रों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। सीतामढ़ी में बागमती के बाद अब मनुषमरा और लखनदेई जैसी छोटी नदियां भी तबाही मचाने लगी हैं। सीतामढ़ी-सुरसंड, परिहार-भीसवा पथ में डायवर्सन टूटने से आवागमन ठप है। मधुबनी में कमला बलान के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से झंझारपुर सहित कई इलाकों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इधर, दरभंगा जिले की सभी नदियों के जलस्तर में वृद्धि क्रमश: जारी है।  

परिवर्तित मार्ग से चल रही है ये ट्रेनें:
ट्रेन संख्या 02557 मुज़फरपुर-आनंद विहार स्पेशल को वाया मुज़फरपुर- छपरा होकर, ट्रेन संख्या 09039 बांद्रा - बरौनी स्पेशल वाया कप्तानगंज- छपरा- मुज़फरपुर होकर, ट्रेन संख्या 09269 पोरबंदर- मुज़फरपुर स्पेशल वाया कप्तानगंज- छपरा - मुज़फ्फरपुर होकर, ट्रेन संख्या 05274 आनंद विहार-रक्सौल स्पेशल वाया पनियहवा-नरकटियागंज-रक्सौल होकर, ट्रेन संख्या 05212 अमृतसर-दरभंगा स्पेशल वाया गोरखपुर कैंट-छपरा-मुजफ्फरपुर होकर, ट्रेन संख्या 09270 मुजफ्फरपुर-पोरबंदर स्पेशल वाया छपरा-सीवान-भटनी होकर, ट्रेन संख्या 05002 देहरादून-मुजफ्फरपुर स्पेशल वाया नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी होकर परिचालित की जा रही है। उपरोक्त मार्ग परिवर्तन केवल रविवार के लिए प्रभावी है।

पूर्वी चम्पारण के दस प्रखंड की आबादी झेल रही बाढ़:
पूर्वी चम्पारण के सुगौली व बंजरिया के साथ-साथ अरेराज, पताही, मधुबन, फेनहारा, ढाका, आदापुर, केसरिया व तुरकौलिया प्रखंड में बाढ़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बंजरिया में तिलावे नदी के टूटे बांध से एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी फैल गया है। सुगौली प्रखंड के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र पूर्ण रूप से बाढ़ की चपेट में हैं। डुमरिया घाट में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। चटिया में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। बूढ़ी गंडक नदी के लाल बेगिया सिकरहना व अहिरौलिया में बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। लाल बकेया गुवाबारी में बूढ़ी गंडक नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है।

 

 

#North Biha

Source : Agency

पाठको की राय