Friday, October 23rd, 2026

 कोविड-19 टीके की कोई कमी नहीं, बढ़ाएंगे रेमडेसिविर का उत्पादन: हर्षवर्धन

नई दिल्ली
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा कि भारत में कोविड-19 वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को उचित मात्रा में टीके दिए जा रहे हैं, अब राज्य सरकारों का काम है कि वह कोविड-19 केंद्रों पर समयबद्ध तरीके से टीकाकरण के लिए वैक्सीन की खुराक प्रदान करें। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेमडेसिविर की कमी इसलिए हुई क्योंकि इसका उत्पादन कम हो गया था क्योंकि पहले कोरोना के मामलों में कमी आई थी। गौरतलब है कि कई राज्यों ने दावा किया है कि उनके यहां पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन नहीं है जिसके चलते कई केंद्रों पर टीकाकरण रोक दिया गया। इस बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को रूस में बनी वैक्सीन स्पूतनिक-वी के भी इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दे दी। 

बताया जा रहा था कि सरकार ने यह फैसला कोविड-19 वैक्सीन की संभावित कमी को देखते हुए लिया है। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधावार को ऐसी किसी भी संभावना को खारिज करते हुए कहा कि देश में टीके की कोई कमी नहीं है। कोरोना ने तोड़े सभी रिकॉर्ड आपको बता दें कि देश में कोरोना वायरस ने अभी तक के अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 

बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 1,84,372 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 1027 लोगों की मौत संक्रमण के कारण हुई है, जबकि 82,339 लोगों ने कोरोना वायरस को मात दी है। नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1,38,73,825 तक पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 1,23,36,036 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो चुके हैं।
 

 

#हर्षवर्धन

Source : Agency

पाठको की राय