Friday, April 17th, 2026

नितीश कुमार ने लगाया आरोप- कहा, पहले की सरकारों ने महिला सशक्तिकरण के लिए कोई काम नहीं किया

पटना
बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का नाम लिए बिना उनपर निशाना साधा और कहा कि पहले जिन लोगों को मौका मिला उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया।
श्री कुमार ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यहां पार्टी कार्यालय में बिहार प्रदेश महिला जदयू की ओर से आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन का शुभारंभ करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं आप तमाम महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनायें देता हूं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। वह प्रारम्भ से ही महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले जिन लोगों को मौका मिला उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया।” उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। यह देखकर उन्हें बेहद प्रसन्नता होती है। जदयू की बिहार प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. भारती मेहता ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह् भेंटकर उनका अभिनंदन किया। सम्मेलन में शामिल सभी महिलाओं ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, परिवहन मंत्री शीला मंडल, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, पूर्व मंत्री रंजू गीता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।

 

 

#CM Nitish Kumar

Source : Agency

आपकी राय

13 + 8 =

पाठको की राय