Friday, October 23rd, 2026

नीतीश सरकार पहली से 8वीं तक की बेटियों के खाते में पैसे डालेगी

पटना
बिहार के राजकीय, राजकीयकृत, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक विद्यालयों में पढ़ने वाली बेटियों के लिए खुशखबरी है। उन्हें जल्द स्कूल ड्रेस के लिए राज्य सरकार की ओर से पैसे दिए जायेंगे। पोशाक की यह राशि पिछले यानी 2020-21 शैक्षिक सत्र की है। पहली से आठवीं कक्षा तक की छात्राओं को मुख्यमंत्री पोशाक योजना तथा बालिका पोशाक योजना की राशि दस दिनों के अंदर उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से शिक्षा विभाग देगा।  शिक्षा विभाग ने इसको लेकर राष्ट्रीय सूचना केंद्र के वरीय तकनीकी निदेशक को डीबीटी के माध्यम से बेटियों के खाते में राशि दस दिनों के अंदर ट्रांसफर कर सूचना देने को कहा है। शिक्षा विभाग बेटियों को पोशाक के एवज में 151 करोड़ सात लाख दो हजार पांच सौ रुपए खर्च करेगा।  बकौल प्राथमिक शिक्षा निदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह, 151 करोड़ में से 113 करोड़ 85 लाख 46 हजार 300 रुपए बिहार राज्य शैक्षिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड, पटना के खाते में संचित राशि आईसीआईसीआई बैंक के तीन अधिकृत खातों में स्थानांतरित की जा चुकी है। वहीं 37 करोड़ 21 लाख 56200 रुपए आईसीआईसीआई के एक अधिकृत बैंक खाते में स्थानांतरित किये गये हैं।

 

#Nitish government

Source : Agency

पाठको की राय