NIRF रैंकिग: आईआईटी धनबाद ने लगाई छलांग, इंजीनियरिंग कालेजों में अब तक का सबसे शानदार स्थान
धनबाद
आईआईटी आईएसएम धनबाद को देशभर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में 11वां स्थान मिला है। संस्थान की यह रैंक अब तक सर्वश्रेष्ठ एनआईआरएफ रैंकिंग है। सौ प्वाइंट में ओवरऑल स्कोर 64.07 है। वर्ष 2020 में इंजीनियरिंग में आईआईटी धनबाद को 12वीं रैंक मिली थी। इस तुलना में एक पायदान बेहतर हुआ है। वहीं ओवरऑल कैटेगरी में देशभर में 26वां स्थान मिला है। वर्ष 2020 में 22वें की तुलना में आईआईटी धनबाद चार स्थान पीछे गया है। नए कैटेगरी रिसर्च में देशभर में 20वां स्थान मिला है। रिसर्च में संस्थान का स्कोर 52.40 है। आईआईटी आईएसएम के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडी को देशभर में 30वां स्थान मिला है। मैनेजमेंट में भी आईआईटी धनबाद एक स्थान पीछे गया है। वर्ष 2020 में 29वें स्थान पर था। गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने नेशनल इंस्टीट्यूट रैकिंग फ्रेमवर्क 2021 (एनआईआरएफ) जारी किया है। बताते चलें कि बीआईटी मेसरा देशभर में 46वां, एनआईटी जमशेदपुर 86वां व एनआईएफएफटी 115वें स्थान पर है।
फिर परसेप्सन में पिछड़ा आईआईटी
आईआईटी धनबाद एक बार फिर परसेप्सन में पिछड़ गया। वर्ष 2021 में परसेप्सन में सौ में मात्र 35.36 स्कोर मिला है। वर्ष 2020 की तुलना में परसेप्सन में कम प्वाइंट मिला है। वर्ष 2020 में परसेप्सन में 39.78 प्वाइंट मिला था। वहीं अन्य में 50 से अधिक प्वाइंट मिला है। एनआईआरएफ रैंकिंग में आईआईटी धनबाद को टीएलआर (टीचिंग लर्निंग एंड रिसोर्स) में 100 में 69.29 प्वाइंट मिला है। आरपीसी (रिसर्च एंड प्रोफेशनल प्रैक्टिस) में 65.53, जीओ (ग्रेजुएशन आउटकम्स) में 73.12, ओआई (आउटरीच एंड इनक्लूसिविटी)में 54.62, परसेप्सन में 35.36 फीसदी प्वाइंट मिला है।
बीआईटी सिंदरी 201 से 250 के बीच
एनआईआरएफ ने जारी रैंक सूची में बीआईटी सिंदरी को 201 से 250 रैंक के बीच रखा है। देशभर से 1143 इंजीनियरिंग संस्थानों ने रैंकिंग के लिए आवेदन किया। उनमें से बीआईटी सिंदरी के 201 से 250 रैंक के बीच आना संस्थान की उपलब्धि मानी जा रही है। यह उम्मीद की जा रही है कि आनेवाले समय में बीआईटी सिंदरी भी 100 रैक के अंदर होगा।
जिले के दो कॉलेजों ने भी किया आवेदन
धनबाद के दो कॉलेजों ने एनआईआरएफ रैंकिंग के लिए आवेदन किया था। इनमें गुरुनानक कॉलेज व पीके राय मेमोरियल कॉलेज धनबाद शामिल है। दोनों कॉलेजों को कोई रैंक नहीं मिली, लेकिन झारखंड के 12 आवेदन करने वाले कॉलेजों में दोनों शामिल हैं। देशभर से 1802 कॉलेजों ने आवेदन किया था।

पाठको की राय