नाइट एक्सप्रेस हुई नियमित, हीराखंड व पेसेंजर ट्रेन रहेगी रद्द
जगदलपुर
रेलवे ने नाइट एक्सप्रेस को नियमित रूप से संचालित करने का फैसला लिया है। विदित हो कि इसे एक दिन छोडकर चलाने की बात रेलवे ने पहले कही थी, लेकिन अब इसे नियमित रूप से संचालित करने को कह दिया है। हालांकि पैसेंजर और हीराखंड एक्सप्रेस अभी भी रद्द रहेंगी। रेलवे का कहना है कि वाल्टेयर डिवीजन में कोत्तावलसा-कोरापुट खंड पर गोरापुर- अरकू शिमिलिगुडा स्टेशनों के बीच दोहरीकरण का काम चल रहा है। इसी के तहत इन स्टेशनों के बीच नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों को किया जाना है। जिसके चलते एक सितंबर तक ट्रेने प्रभावित रहेंगी।
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एके त्रिपाठी ने बताया कि नॉन इंटरलॉकिंग प्रक्रिया के चलते 21, 25, 28 अगस्त और 1 सितंबर को विशाखापत्तनम से प्रस्थान करने वाली (18514) विशाखापत्तनम- किरंदुल रात्रि एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहने की बात कही थी। वहीं 26 अगस्त और 2 सितंबर को किरंदुल से छूटने वाली ट्रेन संख्या (18513) किरंदुल-विशाखापत्तनम रात्रि एक्सप्रेस रद्द रखने का फैसला लिया था, लेकिन लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए अब इसे नियमित कर दिया गया है। उन्होने बताया कि 21 अगस्त से 01 सितंबर तक विशाखापत्तनम से छूटने वाली (08551) विशाखापत्तनम-किरंदुल ट्रेन रद्द रहेगी। इसी इसी प्रकार 02 सितंबर तक किरंदुल से छूटने वाली ट्रेन संख्या (08552) किरंदुल-विशाखापत्तनम ट्रेन रद्द रहेगी।

पाठको की राय