Friday, October 23rd, 2026

एनआईए करेगी अल कायदा से जुड़े संदिग्धों की जांच

 लखनऊ 
 लखनऊ से गिरफ्तार किए गए अल कायदा समर्थित पांच संदिग्ध आतंकियों के विरुद्ध दर्ज किए गए मुकदमे की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी। यूपी एटीएस के लखनऊ थाने में दर्ज यह मुकदमा एनआईए को स्थानान्तरित हो जाएगा। एनआईए शुरू से ही पूरे घटनाक्रम पर अपनी नजर बनाए हुए थी। 

एटीएस ने दावा किया था कि गिरफ्तार किए गए पांचों अभियुक्त अल कायदा के मॉड्यूल अंसार गजवातुल हिन्द (एजीएच) से जुड़े हुए हैं और 15 अगस्त से पहले प्रदेश के प्रमुख शहरों में सीरियल ब्लॉस्ट की योजना बना रहे थे। सबसे पहले दो संदिग्ध आतंकियों मिनहाज अहमद और मसीरुद्दीन उर्फ मुशीर को गत 11 जुलाई को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। एटीएस के अनुसार दोनों के कब्जे से आधुनिक असलहे और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। एक के घर से तैयार कुकर बम और दूसरे के घर से अर्द्धनिर्मित कुकर बम मिला था। एटीएस ने दोनों को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उनके अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर बाद में लखनऊ से ही मोहम्मद मुस्तकीम, मोहम्मद मुईद और शकील को भी गिरफ्तार किया गया। एटीएस सभी पांच अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। फिलहाल पांचों अभियुक्त जेल में हैं। 

 

#एनआईए

Source : Agency

पाठको की राय