Saturday, October 24th, 2026

NIA ने असम में ULFA से जुड़े 16 ठिकानों पर मारा छापा, गोला-बारूद सहित हथियार बरामद

नई दिल्ली
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने असम में उग्रवादी संगठन ULFA के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। NIA ने असम के 7 जिलों में यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम (ULFA) की गतिविधियों और युवाओं की भर्ती से जुड़े मामलों में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार, NIA ने ULFA के 16 स्थानों पर तलाशी ली। इस दौरान दौरान डिजिटल उपकरण और गोला बारूद सहित कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।

7 जिलों में 16 ठिकानों पर छापेमारी
NIA ने शुक्रवार को बताया कि ULFA भर्ती मामले में असम में कई स्थानों पर तलाशी ली गई है। NIA ने कामरूप, नलबाड़ी, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, सादिया, चराईदेव और शिवसागर सहित असम के 7 जिलों में 16 स्थानों पर तलाशी ली। उन्होंने कहा कि ये तलाशी अभियान ULFA (एक प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन) की गतिविधियों से संबंधित है, जिसमें ULFA में युवाओं की भर्ती, ULFA को मजबूत करने के लिए धन की जबरन वसूली और गैरकानूनी गतिविधियों के लिए युवाओं को कट्टरपंथी बनाना और म्यांमार में भारत-म्यांमार सीमा पर स्थित शिविरों में उनका प्रशिक्षण शामिल है।

कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद
बता दें कि NIA ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है और मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने कहा कि आज की गई तलाशी के दौरान डिजिटल उपकरण, गोला बारूद के साथ-साथ आपत्तिजनक दस्तावेज और उल्फा से संबंधित साहित्य जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

 

#NIA raids

Source : Agency

पाठको की राय