Monday, October 26th, 2026

नवजात शिशुओं को मिलेगा बेहतर उपचार, हरदा में नवनिर्मित आईसीयू भवन लोकार्पित

भोपाल
नवजात शिशुओं को बेहतर उपचार मिलेगा और उनके परिजनों को अनावश्यक रूप से परेशान होकर अन्यत्र नहीं जाना होगा। किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने हरदा में गहन चिकित्सा इकाई के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करते हुए यह बात कही।

कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि आज हरदा जिला चिकित्सालय को सर्व-सुविधायुक्त बनाने की दिशा में एक और उपलब्धि मिली है। इस यूनिट के प्रारंभ होने से 20 बच्चों का एक साथ उच्च स्तरीय इलाज जिला चिकित्सालय में हो सकेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में जिला चिकित्सालय को और सुविधायुक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री पटेल द्वारा जिला चिकित्सालय के 26 कर्मचारियों को कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को दस-दस हजार रुपये भी दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में अध्यक्ष नगर पालिका सुरेंद्र जैन, सांसद प्रतिनिधि अमर सिंह मीणा, सिविल सर्जन डॉ. गिरीश रघुवंशी उपस्थित रहे।

 

#नवजात

Source : Agency

पाठको की राय