Wednesday, October 21st, 2026

नौनिहालों को मिलेगी भरपूर प्रोटीन की खुराक, अंडा वितरण शुरू

कोरिया
नौनिहालों को सुपोषित स्वस्थ रखने की दिशा में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान को जिले में मजबूत करने और जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए कलेक्टर श्याम धावड़े की विशेष पहल पर आज जिले के सभी आंगनबाडी में प्रोटीन के भरपूर स्त्रोत अंडा का वितरण शुरू किया गया।

इसी कड़ी में कलेक्टर धावड़े ने ग्राम पंचायत सरभोका में माताओं और बच्चों से मुलाकात की। माताओं और उनके परिजनों को सुपोषण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कुपोषण मुक्ति की पहल पर छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती 2 अक्टूबर 2019 से प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान की शुरूआत हुई है। प्रदेश और कोरिया जिले को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए हम सभी को आपसी सहभागिता और जागरूकता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारा भविष्य हैं। आंगनबाड़ी में गरम भोजन, पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है। इसके साथ घर पर भी उनके सही पोषण और खानपान का ध्यान रखें।

उन्होंने कहा कि अंडा उत्पादन और आपूर्ति की निरंतरता बनाये रखने के लिए जिले में स्वसहायता समूहों के द्वारा ही यह कार्य किया जाएगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं एवं रेडी टू ईट बनाने वाले समूह को पूरक पोषण आहार में गुणवत्ता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस दौरान कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत एवं उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा सभी बच्चों को अंडा खिलाया गया और परिजनों को बच्चों को आंगनबाड़ी लाने और उनके उचित पोषण का ध्यान रखने की सलाह दी। कुपोषण मुक्त, सुपोषित कोरिया अभियान के तहत 15-15 दिनों के लिए अंडा वितरण किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी, सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत, सरपंच एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समस्त विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में विकासखण्ड बैकुंठपुर के ग्राम सरभोका में कुपोषण मुक्त, सुपोषित कोरिया के तहत कुपोषित बच्चों एवं उनके अभिभावकों की काउंसिलिंग करते हुये कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।

 

#Newbies

Source : Agency

पाठको की राय