Friday, October 23rd, 2026

New Year 2023 Celebration: गोपालगंज में पिकनिक स्पॉट्स पर पहरा, पुलिस चला रही यह खास अभियान

बिहार 

पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में नए साल के जश्न में जाम छलकाना साफ मना है। इसे देखते हुए गोपालगंज में  नववर्ष पर तस्करों और पियक्कड़ों को पकड़ने के लिए पुलिस ने दो दिनों का विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस चौक चौराहे से लेकर होटलों व रेस्टोरेंटो को खंगाल रही है। जिले में पिकनि स्पॉट पर पुलिस की टीम लगातार गश्त लगा रही है। बिहार के सभी जिलों में आज नए साल के अवसर पर लोग हैप्पी न्यू ईयर कहकर एक दूसरे को नववर्ष 2023 की बधाई दे रहे हैं।

नए साल पर शराब का स्टॉक करने वाले लोगों पर पुलिस की टीम अपने मुखबिरों की मदद से नजर रख रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से होटल में मस्ती का प्लान बनाने वाले लोग भी डरे व सहमे हुए हैं। लेकिन, शराब नहीं पीने वालों के लिए कोई रोक नहीं है। ऐसे लोग बेधड़क नये साल के स्वागत के जश्न में डूबे हैं।
 

बिहार-यूपी सीमा पर चौकसी

नए साल पर यूपी से शराब की खेप लेकर आने वाले लोगों पर शिकंजा कसने के लिए उत्पाद विभाग की टीम भी जुटी है। जिले के कुचायकोट थाने के बलथरी चेक पोस्ट, कटेया, विजयीपुर, भोरे व फुलवरिया, कुचायकोट, गोपालपुर, विश्वंभरपुर व जादोपुर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और उत्पाद विभाग पूरी तैयारी और तत्परता के साथ काम कर रही है। यूपी से बिहार में शराब प्रवेश पर रोक लगाने में जुटे हैं।

ब्रेथ एनालाइजर से हो रही जांच

कुचायकोट थाने के बलथरी चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर सह चेक पोस्ट प्रभारी प्रकाश चन्द्र ने बताया कि यूपी से आने वाले लोगों की जांच ब्रेथ एनेलाइजर मशीन से की जा रही थी। जांच के दौरान 18 लोगों को नशे में पकड़ा गया। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

 

#New Year 2023 Celebration

Source : Agency

पाठको की राय