Windows ऑपरेटिंग सिस्टम का नया वर्जन 24 जून को हो सकता है लॉन्च
है
Windows ऑपरेटिंग सिस्टम दुनिया भर में काफी पॉपुलर है. लेकिन इसमें macOS की तरह हर साल बड़ा बदलाव नहीं होता है. अपडेट्स आते रहते हैं, फीचर्स भी जुड़ते हैं, लेकिन यूजर इंटरफेस को लेकर या नाम को लेकर बदलाव हर साल नहीं होता है. 2015 यानी पांच साल पहले Windows 10 लॉन्च किया गया था और तब से अब तक Windows 10 ही चल रहा है. अब ऐसा लग रहा है कि कंपनी Windows ऑपरेटिंग सिस्टम का नया वर्जन लॉन्च करने के लिए तैयार है.
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि 24 जून को नेक्ट्स विंडोज पेश करेगी. हालांकि ये सिर्फ हिंट है, क्योंकि साफ तौर पर कंपनी ने क्लियर नहीं किया है. पिछले हफ्ते माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने बिल्ड कॉन्फ्रेंस के दौरान भी हिंट दिया था.
बात नेक्स्ट जेनेरेशन Windows की चल रही है तो पूरी उम्मीद है इस बार कंपनी Windows 11 या फिर कोई दूसरे नाम के साथ नए यूजर इंटरफेस के साथ विंडोज पेश कर सकत है. सत्य नडेला ने हाल ही में ये भी कहा था कि जल्द ही Windows के बड़े अपडेट के बारे में बताएंगे. नेक्स्ट जेनेरेशन विंडोज का जहां तक सवाल है तो इस बार कंपनी यूजर इंटरफेस में कुछ बदलाव कर सकती है. ध्यान देने वाली बात ये भी है कि कंपनी ने ज्यादातर बार जब विंडोज को पूरी तरह से बदलने की कोशिश की है तो यूजर्स ने पसंद नहीं किया है. इस वजह से इस बार पूरे यूजर इंटरफेस और डिजाइन को चेंज कर दिया जाएगा ये उम्मीद करना गलत होगा. हमारे सामने Windows 8 और Windows Vista जैसे उदाहरण हैं जो कंपनी के लिए एक तरह से फ्लॉप ऑपरेटिंग सिस्टम साबित हुए. यही वजह भी है कि कंपनी हर साल अपने ऑपरेटिंग सिस्टम में बड़े बदलाव नहीं करती है. बहरहाल इस बार कुछ नए फीचर्स मिल सकते हैं जो ग्राउंड ब्रेकिंग होंगे.
इस बार Windows के नए वर्जन में एंड्रॉयड के साथ सिंक का बेहतर फीचर मिल सकता है. कहने को तो अभी भी ऐसा फीचर है, लेकिन वो किसी काम का नहीं है.डिजाइन और इंटरफेस की बात करें तो स्टार्ट मेन्यू में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन कुछ बटन्स और आइकॉन्स जरूर बदले जाएंगे. इसके अलावा विजेट्स पर भी कंपनी ध्यान देगी. माइक्रोसॉफ्ट स्टोर का जहां तक सवाल है तो ये अभी ज्यादा यूज नहीं किया जाता है खास कर भारत में. इसके पीछे वजह ये है कि ये स्लो है. इसलिए इस बार माइक्रोसॉफ्ट स्टोर में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
Windows 10X अगर आपको याद है तो ये कंपनी की तरफ से पेश किया गया लाइट वर्जन ऑपरेटिंग सिस्टम है. इसे क्रोम के राइवल के तौर पर पेश किया गया था. Windows 11 (संभावित नाम) में आपको Windows 10X के कई फीचर्स देखने को मिलेंगे. फाइल एक्स्प्लोरर में भी बदलाव देखने को मिलेगा. विंडोज के आइकॉन्स में भी बड़े बदलाव की उम्मीद की जा रही है. गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट ने Windows 10 को Windows का आखिरी वर्जन भी बताया था. ऐसे में अगर Windows 11 लॉन्च होता है तो ये थोड़ा हैरानी भरा जरूर होगा.

पाठको की राय