8 साल बाद इंदौर-फतेहाबाद-उज्जैन के बीच नई मेमू शुरू, 7 स्टेशनों पर ट्रेन का स्टॉपेज
इंदौर
मध्य प्रदेश में इंडियन रेलवे द्वारा लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा 8 साल पहले इंदौर से उज्जैन की दूरी कम होने के सपने को पूरा कर दिया गया है. इंदौर से उज्जैन के बीच वाया फतेहाबाद चन्द्रावतीगंज के बीच नई मेमू ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया है. बीते 15 नवंबर से इस ट्रेन का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है. अनारक्षित टिकट लेकर यात्री इस ट्रेन में सफर कर सकते हैं. इस नए रूट से सफर में 16.86 किलोमीटर की दूरी कम हो गई है. इससे यात्रियों का समय भी बच रहा है.
इंदौर से उज्जैन और उज्जैन से इंदौर के बीच शुरू की गई नई मेमू ट्रेन 1 घंटे 35 मिनट में अपना सफर पूरा कर रही है. इन दोनों स्टेशनों के बीच 7 अन्य स्टेशनों पर ट्रेन का स्टॉपेज रखा गया है. बता दें कि फतेहाबाद-चंद्रावती खंड के बीच गेज परिवर्तन और विद्युतीकरण का काम पूरा होने के एक वर्ष बाद इस नए रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है. पश्चिम रेलवे इस रूट पर एक जोड़ी नई मेमू ट्रेनों का संचालन कर रहा है. ये ट्रेनें उज्जैन-फतेहाबाद चंद्रवतीगंज खंड पर चलाई जा रही हैं.
नई मेमू ट्रेन संख्या 09351 उज्जैन-इंदौर मेमू ट्रेन उज्जैन से सुबह 06.20 बजे रवाना होकर सुबह 7.55 बजे इंदौर पहुंच रही है. इसके अलावा ट्रेन संख्या 09352 इंदौर-उज्जैन मेमू ट्रेन इंदौर से 08.05 बजे रवाना होकर सुबह 09.40 बजे उज्जैन पहुंच रही है. जबकि ट्रेन संख्या 09353 उज्जैन-इंदौर मेमू ट्रेन उज्जैन से शाम 4.00 बजे रवाना होकर शाम 5.40 बजे इंदौर पहुंच रही है. ट्रेन संख्या 09354 इंदौर-उज्जैन मेमू ट्रेन इंदौर से सुबह 11.10 बजे रवाना होकर दोपहर 12.45 बजे उज्जैन पहुंच रही है. मंगलवार से इन ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया है.
इन स्टेशनों पर मेमू ट्रेनों का स्टॉपेज
इन नई मेमू ट्रेनों का दोनों दिशाओं में चिंतामन गणेश, लेकोडा, फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, अजनोद, बलौदा टाकुन, पालिया और लक्ष्मीबाई नगर स्टेशनों पर स्टॉपेज दिया गया है. पूरी दूरी करीब 1 घंटे 35 मिनट में तय की जा रही है.

पाठको की राय