Wednesday, October 21st, 2026

कांग्रेस की नई कार्यकारिणी, कई जिलों में नए प्रभारी नियुक्त

भोपाल
कांग्रेस की नई कार्यकारिणी बनाने की जद्दोजहद और तीन विधानसभा और एक लोक सभा उपचुनाव की तैयारियों व प्रत्याशी चयन हेतु की जा रही मशक्कत के बीच आज प्रदेश कांग्रेस ने फिर से कुछ बदलाव किया है। इसमें पूर्व में नियुक्त कुछ जिलों के प्रभारियों को बदला गया है।

आगामी उपचुनाव और नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। 3 जिला अध्यक्षों के बाद अब कई जिलों के प्रभारियों को भी बदल दिया गया है। इसमे सबसे पहला नाम दल बदलने वाले चौधरी राकेश सिंह का है, जिन्हें रीवा से हटाकर मुरैना के प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की नाराजगी और विवाद के बाद यह फैसला लिया गया है।

वही रीवा जिले की जिम्मेदारी बुंदेलखंड के सीनियर नेता राजा पटैरिया को दी गई है। इसके अलावा पूर्व मंत्री तरुण भनोट को कटनी, हेमंत कटारे को शिवपुरी और राजेंद्र मिश्रा को टीकमगढ़ का नया प्रभारी बनाया गया है।कांग्रेस के संगठन मंत्री चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि कुछ जिलों के प्रभारियों को बदला गया है।  यह पार्टी का आंतरिक मामला है।

इस फेरबदल को आगामी चुनावों और नेताओं की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है, ताकी आने वाले समय में पार्टी को कोई नुकसान ना हो। वही गुरुवार को आगामी उपचुनाव को देखते हुए  ग्वालियर दक्षिण विधानसभा के युवा विधायक प्रवीण पाठक को कांग्रेस ने पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। वही  रेगांव विधानसभा  के लिए पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया  और जोबट विधानसभा का प्रभारी रवि जोशी को बनाया गया है।

 

#Congress#districts

Source : Agency

पाठको की राय