Saturday, October 24th, 2026

नवीन शिक्षा नीति विद्यार्थियों के शिक्षा, कौशल संवर्धन के साथ सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगी- उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव

भोपाल

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को आगर-मालवा जिले के सुसनेर में स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय के 3.53 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले 6 अतिरिक्त कक्ष एवं 5.20 करोड़ रूपये लागत के सोयत महाविद्यालय के नवीन भवन निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू की गई नवीन शिक्षा नीति विद्यार्थियों को शिक्षा और कौशल संवर्धन के साथ सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगी। रोजगारमूलक विषयों को शामिल करने से पढ़ाई समाप्त करने के बाद अब रोजगार के लिये भटकना नहीं पड़ेगा।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कई नवाचार कर रही है और विद्यार्थियों के कल्याण के लिये दृढ़ संकल्पित है। हमारे महाविद्यालयों का संचालन बेहतर हो रहा है। उन्होने कहा कि प्रदेश के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर दी गई है। नई शिक्षा नीति लागू करने वाला मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य है। नवीन शिक्षा नीति में महाविद्यालयों में पढ़ाई के लिए उम्र का बंधन समाप्त कर दिया गया है। कोई भी विद्यार्थी डिग्री एवं डिप्लोमा साथ-साथ कर सकते हैं।

मंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सुसनेर एवं सोयत के छात्र-छात्राओं के लिए आज का दिन बड़े हर्ष का दिन है कि उनके क्षेत्र में नए महाविद्यालयों के निर्माण का भूमिपूजन हुआ है। क्षेत्र के युवा अच्छा पढ़ लिखकर अपने क्षेत्र एवं जिले के नाम रोशन करें। साथ ही खेल गतिविधियाँ में भी आगे आकर देश-प्रदेश का नाम रोशन करें। मंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस की भी सभी को अग्रिम बधाई दी।

इस अवसर पर सांसद रोडमल नागर, विधायक राणा विक्रम सिंह तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

#नवीन शिक्षा नीति विद्यार्थियों

Source : Agency

पाठको की राय