Thursday, October 22nd, 2026

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल 'प्रचंड' भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर रहेंगे

नेपाल
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल 'प्रचंड' रविवार से भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर रहेंगे जिस दौरान वह नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भी हिस्सा होंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री ‘प्रचंड' की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में उनकी भारत यात्रा का अनुमोदन किया गया।

सरकार की प्रवक्ता तथा संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रेखा शर्मा ने बृहस्पतिवार को मंत्रिमंडल बैठक के बाद मीडिया को बताया कि मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए ‘प्रचंड' रविवार को नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता नरेन्द्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

भारत ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू , भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ और सेशेल्स के राष्ट्रपति वेवेल रामकलावन को भी नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री ‘प्रचंड' मंगलवार को नेपाल लौट आयेंगे। इससे पहले ‘प्रचंड' ने तीसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद चार से सात अक्टूबर 2023 तक भारत की सरकारी यात्रा की थी।

 

 

#Nepal's Prime Minister

Source : Agency

पाठको की राय