Wednesday, October 21st, 2026

पड़ोसी ने घर के बाहर से किशोरी को अगवा कर बेड के अंदर छुपाया

गाजियाबाद
गाजियाबाद के नंदग्राम थानाक्षेत्र में पड़ोसी युवक द्वारा एक किशोरी को अगवा कर बेड में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजन खोजबीन करते हुए आरोपी के घर पहुंचे तो किशोरी बेड के अंदर बेहोश हालत में पड़ी मिली। पूछताछ करने पर आरोपी चीनू ने तीन दोस्तों द्वारा घटना को अंजाम देने की बात कही और चकमा देकर मौके से फरार हो गया। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना नंदग्राम क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग लड़की कक्षा आठवीं की छात्रा है। शुक्रवार को वह घर के बाहर खेल रही थी, तभी शाम करीब 4:45 बजे संदिग्ध हालात में लापता हो गई। काफी देर तक छात्रा के दिखाई न देने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।

किशोरी की मां का कहना है कि वह अपनी बेटी को तलाश ही रही थी कि एक व्यक्ति ने उनकी बेटी को पड़ोसी चीनू के मकान के पास देखने की बात कही। महिला ने बताया कि उसने चीनू का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने गेट नहीं खोला। इस पर लोगों की मदद से गेट तोड़ने की कोशिश की गई तो चीनू ने दरवाजा खोल दिया।  महिला के मुताबिक, जब उसने अपनी बेटी के बारे में पूछा तो चीनू ने कोई जानकारी न होने की बात कही। इसके बाद उन्होंने घर का कोना-कोना खंगाल डाला, लेकिन बेटी का कुछ पता नहीं चला। चीनू के हाव-भाव से उस पर शक पैदा हो गया था। उन्होंने बेड खोलकर देखा तो बेटी उसमें बेहोश पड़ी हुई थी। बेड से बेटी के बरामद होने के बाद पीड़ित मां ने आरोपी चीनू को पकड़ लिया पर वह उन्हें चकमा देकर फरार हो गया, जिसके बाद उन्होंने चीनू और उसके तीन अज्ञात दोस्तों के खिलाफ नंदग्राम थाने में तहरीर दी।

बेड में सड़क की टाइल्स भी मिलीं
पीड़ित महिला का कहना है कि चीनू और उसके दोस्तों के इरादे बेहद खौफनाक थे, क्योंकि बेड के अंदर उनकी बेटी के बगल में सड़क की टाइल्स भी रखी मिलीं। आरोपी उनकी बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना को अंजाम देने के बाद उसकी जान तक ले सकते थे। नंदग्राम एसएचओ अमित काकरान का कहना है कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

#Neighbor kidnapped

Source : Agency

पाठको की राय