Monday, October 19th, 2026

ऑपरेशन मुस्कान में ग्वालियर पुलिस की लापरवाही, अपहृत किशोरी को लेने आरोपी के परिजनों को भेजा

ग्वालियर

पीएचक्यू (पुलिस मुख्यालय) द्वारा गायब नाबालिगों की खोजबीन के लिए प्रदेश भर में इन दिनों ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है, जिसे जिले के यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने ठेंगा दिखा दिया है। लापरवाही का आलम यह है कि क्षेत्र से अपहृत किशोरी व उसे ले जाने वाले आरोपी के हैदराबाद में होने का पता लगने के बावजूद पुलिस टीम उन्हें लेने के लिए वहां नहीं भेजी गई, बल्कि आरोपी के रिश्तेदार के भरोसे ही उसे ग्वालियर बुलवाया गया। जबकि सीडब्ल्यूसी का कहना है कि यह पुलिस की लापरवाही है। शिकायत मिलने पर हम कार्रवाई करेंगे।

पीएचक्यू के आदेश पर इन दिनों प्रदेश भर में चलाए जा रहे आॅपरेशन मुस्कान के तहत गायब हुए नाबालिगों को बरामद करने के लिए पुलिस टीमों को शहर से बाहर पहुंचाया जा रहा है। लेकिन पीएचक्यू के इस आदेश को विश्वविद्यालय थाना पुलिस नहीं मानती है। शायद यही कारण है कि बीती 27 जनवरी की शाम क्षेत्र के सिंधिया नगर से गायब हुई 16 वर्षीय किशोरी को बरामद करके लाने में उसने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। यहां बता दें कि उक्त किशोरी को उसके पास ही रहने वाला तैय्यब नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ हैदराबाद ले गया था, जिसमें उसके एक मित्र ने मदद की थी। परिजनों के जरिए पुलिस को घटना वाले दिन ही इसका पता भी लग गया, लेकिन आरोपी व किशोरी को लाने के लिए टीम को हैदराबाद नहीं भेजा गया, बल्कि आरोपी के रिश्तेदार को ही उन्हें यहां लेकर आने की ताकीद दी गई।
 

 

 

#PHQ के ऑपरेशन मुस्कान

Source : Agency

पाठको की राय