Monday, October 19th, 2026

नीरज चोपड़ा लॉरियस स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए नामित, अप्रैल में एनाउंस होगा नाम

   नई दिल्ली

  टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा को सुप्रसिद्ध लॉरियस स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है. नीरज चोपड़ा को 6 और खिलाड़ियों के साथ इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला है. नीरज चोपड़ा को लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है.

लॉरियस अवॉर्ड को स्पोर्ट्स फील्ड में सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड माना जाता है. नीरज चोपड़ा को टेनिस खिलाड़ी एम्मा राडुकानू और डैनिल मेदवेदेव, स्पेन और बर्सिलोना के फुटबॉलर पेड्री, वेनेजुएला के एथलीट युलिमार रोजास और ऑस्ट्रेलियन तैराक एरियर्न टिटमस को भी लॉरेस ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है.

जैवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने साल 2021 में हुए टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था. चोपड़ा ने उस इवेंट कई दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए 87.58 मीटर का थ्रो फेंका था. नीरज इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने हैं.

नीरज के अलावा पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और पहलवान विनेश फोगाट को इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला था. लॉरियस अवॉर्ड खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए हर साल दिया जाता है. किसी भी खिलाड़ी के लिए इस अवॉर्ड को हासिल करना एक सपना साकार होने जैसा होता है.

इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा, 'लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए कुछ असाधारण एथलीटों के साथ नामांकित होना एक विशेष अनुभूति है.'

इस अवॉर्ड के विजेता का नाम अप्रैल माह में बताया जाएगा. नीरज चोपड़ा और सभी खिलाड़ियों को लगभग 1300 लोगों के एक पैनल ने चुना है, इसमें कई खेल पत्रकार और ब्रॉडकास्टर शामिल हैं. विजेता का चयन वोट के द्वारा किया जाएगा जिसमें दुनिया के महान पूर्व खिलाड़ियों के साथ लॉरियस स्पोर्ट्स एकेडमी के सदस्य भी मौजूद होंगे.

 

#नीरज चोपड़ा लॉरियस स्पोर्ट्स

Source : Agency

पाठको की राय