Tuesday, October 20th, 2026

हरित हाइड्रोजन को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप लाने की जरूरत: प्रह्लाद जोशी

नई दिल्ली
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने हरित हाइड्रोजन क्षेत्र में नये विचार लाने तथा युवाओं को शामिल करने के लिए स्टार्टअप लाने की जरूरत पर बुधवार को जोर दिया।

‘हरित हाइड्रोजन इंडिया’ 2024 के दूसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि 11 से 13 सितंबर को दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम में 120 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हरित हाइड्रोजन मिशन को आगे बढ़ाने के लिए हमें स्टार्टअप लाने की जरूरत है क्योंकि इसके लिए युवा तथा नए विचारों की आवश्यकता है।’’

इस आयोजन का मकसद हरित हाइड्रोजन मिशन को आगे बढ़ाना है, जिसके लिए सरकार ने 19,744 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

प्रदर्शनी में हरित हाइड्रोजन के उत्पाद तथा प्रौद्योगिकी से संबंधित 120 से अधिक दुकानें (स्टॉल) होंगी। 150 से अधिक राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय वक्ता इसमें शामिल होंगे।

यूरोपीय संघ, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और नीदरलैंड मुख्य रुचि के क्षेत्र होंगे और इन पर सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

इस कार्यक्रम का आयोजन नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक कार्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के साझेदार फिक्की और सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया हैं।

 

 

#Prahlad Joshi

Source : Agency

पाठको की राय