Sunday, October 25th, 2026

NCB ने मुंबई से बरामद की 50 लाख की ड्रग्स, 3 गिरफ्तार

मुंबई

   कोरोना काल में ड्रग्स की तस्करी काफी ज्यादा बढ़ गई है. एक तरफ बड़े स्तर पर कालाबाजारी देखने को मिल रही है, तो वहीं दूसरी तरफ कई ड्रग्स एक जगह से दूसरी जगह सप्लाई करने का काम हो रहा है. इस बीच मुंबई में एनसीबी की तरफ से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. एनसीबी की तरफ से छापेमारी कर 50 लाख के ड्रग बरामद किए गए हैं.

NCB ने बरामद किए 50 लाख के ड्रग

जानकारी दी गई है कि ये ड्रग Methamphetamine था और इसकी कीमत 50 लाख रुपये थी. जब एनसीबी ने छापेमारी की तब उन्हें आरोपियों के पास से ड्रग की 2100 कैप्सूल बरामद हुईं. इस ड्रग को मुंबई के अंधेरी से कतर भेजने की तैयारी थी.

लेकिन एनसीबी को पहले ही सूचना मिल गई थी, ऐसे में समय रहते रणनीति तैयार की गई और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में एक नाइजीरियन है, वहीं दो कुरियर बॉय हैं. इन ड्रग्स को दो प्लेट के बीच में छिपाकर ले जाने की तैयारी थी. लेकिन एनसीबी ने मुस्तैदी दिखाते हुए ड्रग्स भी बरामद कर लिए और आरोपी भी गिरफ्तार हो गए.

मुंबई से कतर भेजने की थी तैयारी

इससे पहले भी एनसीबी की तरफ से कई बार बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. मुंबई में तो ड्रग्स का ये अवैध धंधा बड़े स्तर पर चलता है, ऐसे में एनसीबी की नजर भी लगातार रहती है और इसलिए हर दूसरे दिन किसी ना किसी को गिरफ्तार किया जाता है. वहीं दूसरी तरफ मुंबई और कतर के बीच में बड़े स्तर पर ड्रग्स का कारोबार चलता है, अलग-अलग जरिए से ड्रग्स को भेजने की तैयारी रहती है. ड्रग्स के धंधे की ये वो कड़ी है जिस पर एनसीबी की हमेशा से नजर रही है और इस बार उन्हें बड़ी कामयाबी भी हाथ लग गई.

 

#50 लाख के ड्रग

Source : Agency

पाठको की राय