Monday, October 19th, 2026

नक्सलियों ने खोद दी सड़क, पुलिस ने एंबुलेंस के लिए मिनटों में बना दिया रास्ता

बीजापुर
 2021 के खात्मे और 2022 के आगाज के साथ देर रात नक्सलियों का तांडव भी दिखा. नेशनल पार्क इलाके में नक्सलियों ने सड़क को काटा और बैनर टांग दिए. कुटरू-करकेली मुख्यमार्ग को नक्सलियों ने अलग-अलग जगहों पर काट दिया है. सड़क में कई जगह पेड़ों की टहनियों को काट कर डाल दिया है और मार्ग बाधित कर दिया गया है.

 

हालांकि कुटरू और फरसेगढ़ एसडीओपी ने मोर्चा संभाला और कुछ ही घंटों में नक्सलियों के दहशत वाली जगह को दैत्याकार मशीनों की सहायता से पाट दिया और आवागमन चालू करवा दिया.

पुलिस का मानवीय चेहरा दिखा
2022 का पहला दिन बीजापुर में दो अलग तस्वीरे दिखीं. एक तस्वीर जिसमें नक्सलियों ने सड़क को काटकर करकेली, बेदरे सड़क में जाम कर दिया. जहां जाने के लिए दहशत भरे सड़क पर गड्ढों को भरकर जाना था. इसी बीच एक गर्भवती को एम्बुलेंस करकेली से लेकर लौट रही थी. गड्ढों की वजह से एम्बुलेंस फंसी हुई थी. इस दौरान कुटरू एसडीओपी अभिनव उपाध्याय और फरसेगढ़ एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में टीम रवाना हुई और घंटे भर के अंदर मशीनों से गड्ढों को भरकर सड़क को बहाल कर एम्बुलेंस को कुटरू हॉस्पिटल के लिए रवाना कर दिया गया.

ये लिखा है बैनर में
नक्सलियों ने लगातार पिछली मांग को एकबार और दोहराया. नक्सलियों ने बस्तर के युवक/युवतियों को बस्तर फाइटर्स की भर्ती में नहीं जाने की हिदायत दी है. बता दें कि बस्तर में बड़ी संख्या में युवा बस्तर फाइटर्स की भर्ती के लिए आवेदन कर रहे हैं. बीजापुर में स्वीकृत कुल 300 पदों के लिए चार हजार आवेदन आये हैं.

 

#made way for

Source : Agency

पाठको की राय