Wednesday, October 21st, 2026

नवाब मलिक का नारायण राणे की भविष्यवाणी पर पलटवार, ये सब BJP आईटी सेल का फर्जीवाड़ा

नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के महाराष्ट्र में भाजपा सरकार के दावे को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक ने चुटकी ली। सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें शेयर करते हुए मलिक ने पूछा कि क्या आईटी सेल द्वारा की गई इन फोटोशॉप्ड तस्वीरों के बल पर नारायण राणे मार्च तक महाराष्ट्र में भाजपा सरकार का दावा कर रहे हैं? इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा था कि मार्च तक भाजपा महाराष्ट्र में सरकार बनाएगी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार और महाराष्ट्र भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एक साथ मुलाकात की एक फोटोशॉप्ड तस्वीर साझा करते हुए महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने पूछा कि क्या यह नकली तस्वीर नारायण राणे की भविष्यवाणी का आधार है कि महा विकास अघाड़ी सरकार अगले साल मार्च तक गिर जाएगी?

नवाब मलिक ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दो तस्वीरें शेयर की है। जिसमें ये बताने की कोशिश की है कि एक तस्वीर फोटोशॉप्ड है जबकि दूसरी असली। जहां से शरद पवार की तस्वीर उठाई गई है और फडणवीस की अमित शाह से मुलाकात की तस्वीर पर चिपकाया गया है। इस ट्वीट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं भी दी हैं, कुछ लोगों ने कहा है कि फोटोशॉप्ड तस्वीर में घटिया एडिटिंग साफ दिखाई दे रही है। शुक्रवार को दो साल पूरे करने वाली महा विकास अघाड़ी सरकार के सहयोगियों के बीच दरार की अटकलों के बीच भाजपा नेता नारायण राणे के दावे ने हलचल मचा दी थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी। समयसीमा पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि सरकार मार्च की शुरुआत में ही गिराई जा सकती है। राणे ने कहा, "उद्धव ठाकरे की तबीयत खराब है, इसलिए मैं उनके बारे में बात नहीं करना चाहता। लेकिन महाराष्ट्र में त्रिदलीय महा विकास अघाड़ी सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी।"

 

 

#Nawab Malik

Source : Agency

पाठको की राय