Wednesday, October 21st, 2026

नवजोत सिंह सिद्धू ही बनेंगे पंजाब कांग्रेस के 'कप्तान'!  

 नई दिल्ली 

पंजाब कांग्रेस में जारी कलह के अब खत्म होने के आसार नजर आ रहे हैं। संगठन में जारी सियासी गहमागहमी के बीच नवजोत सिंह सिद्दू के पंजाब कांग्रेस के कैप्टन बनने का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों ने शनिवार को कहा कि पार्टी की राज्य इकाई में दरार अब जल्द ही सुलझ जाएगी और नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के प्रमुख का पद संभालेंगे, जिसका जल्द ही ऐलान हो सकता है। हालांकि, नवजोत सिंह सिदद्धू की ताजपोशी की तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, मगर मीडिया रिपोर्ट की मानें तो आज उन्हें पंजाब कांग्रेस की कप्तानी मिल सकती है। 

सूत्रों ने बताया कि नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष होंगे, जबकि उनके साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। हालांकि, अभी सिद्धू के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, मगर सिद्धू समर्थक अभी से ही जश्न मना रहे हैं और पंजाब में जगग-जगह मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। सिद्धू के कैप्टन बनने का रास्ता उस वक्त साफ होता दिखा, जब मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस महासचिव हरीश रावत से मुलाकात के बाद कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी जो भी फैसला करेंगी वो सबको स्वीकार होगा।

सिद्धू के पीपीसीसी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने को लेकर एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि मुझे लगता है कि स्थिति अच्छी है। वह मेरे दोस्त हैं। यहां तक कि उन्हें भी नहीं पता कि घोषणा कब होगी। इससे पहले शनिवार को सिद्धू ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से उनके आवास पर मुलाकात की थी। 

 

#नवजोत सिंह सिद्धू

Source : Agency

पाठको की राय