नवीन पटनायक ने 1500 करोड़ रुपये की परियोजना का किया उद्घाटन, कहा- अब अर्थव्यवस्था पटरी पर आ रही है
भुवनेश्वर
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने आज उत्कल एल्युमिना रिफाइनरी के विस्तार योजना का उद्घाटन किया है। रायगढ़ के काशीपुर में वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में परियोजना का उद्धाटन हुआ। इस विस्तार के बाद से उत्कल एल्युमिना की उत्पादन क्षमता 1.5 मिलियन टन सालाना से बढ़कर 2 मिलियन टन हो गई है। बता दें कि उत्कल एल्युमिना आदित्य बिड़ला ग्रुप की सहायक कंपनी है।
उत्कल एल्युमिना के विस्तार में करीब 1,500 करोड़ का खर्च हुआ है। बताया जा रहा है कि इस नई इकाई में 500 लोगों को रोजगार मिला है। इस अवसर पर, सीएम पटनायक ने अपने संबोधन में कहा, 'ओडिशा की अर्थव्यवस्था महामारी के प्रतिकूल प्रभावों को पीछे छोड़ रही है और हम वापस पटरी पर लौट रहे हैं।' मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी के प्रभाव के बावजूद निवेशक ओडिशा में अपनी मौजूदा परियोजनाओं का विस्तार कर रहे हैं। हमने महामारी के बाद से 4.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को आकर्षित किया है। उन्होंने आगे कहा कि इस साल जुलाई में राज्य के जीएसटी कलेक्शन में भी पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान के मुकाबले 54 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

पाठको की राय