Saturday, October 24th, 2026

हिमाचल में कुदरत का कहर, चंबा में बादल फटने से बड़ा नुकसान

चंबा/उत्तरकाशी
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुदरत का कहर देखने को मिला है। दोनों की प्रदेशों में बादल फटने की घटना सामने आई है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के मेहला ब्लॉक में बादल फटा है तो उत्तराखंड के उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ इलाके में बादल फटने दहशत मच गई। हालांकि दोनों ही जगह इस प्राकृतिक आपदा से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

हिमाचल के चंबा जिले में बादल फटने से सड़कों और वाहनों के काफी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार लगभग 8 PWD सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा चंबा में 3 DTR और 3 जल आपूर्ति योजनाएं भी बड़े स्तर पर प्रभावित हुईं है। वहीं कृषि और बागवानी को नुकसान की रिपोर्ट को संकलित की जा रही है। अतिरिक्त उप आयुक्त, मुकेश रेपसवाल के मुताबिक जानमाल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। जिले में स्थिति नियंत्रण में है।
चंबा में बादल फटने से अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। इस दौरान खेत में खड़ी फसल पानी में बह गई। यहां तक की ग्रामीणों के घरों तक में भी पानी घुस गया। पल्यूर नाले में अचानक पानी का जलस्तर बढ़ गया।

वहीं दूसरी तरफ देवभूमि उत्तराखंड में उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ ब्लॉक के कुमारदा गांव में बादल फटने से कई मकान और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर हैं। उत्तरकाशी के कुमारदा गांव में बादल फटने से पेयजल, बिजली आपूर्ति, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हुई थी। वहीं सामान्य स्थिति की बहाली के लिए अधिकारी व्यवस्था में जुटे हैं। घटनास्थल पर एसडीएम, आपदा प्रबंधन अधिकारी मौजूद हैं।

 

#कुदरत का कहर

Source : Agency

पाठको की राय