Friday, October 23rd, 2026

राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दिनेश उर्फ ढिल्लू निकला अंतरराज्यीय क्राइम सिंडिकेट का प्रमुख सदस्य

नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंतरराज्यीय क्राइम सिंडिकेट के एक अहम सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिनेश उर्फ ढिल्लू के रूप में हुई है। वह एक राष्ट्रीय स्तर का कबड्डी खिलाड़ी है और दिल्ली-एनसीआर के खूंखार अंतरराज्यीय कुख्यात गैंगस्टरों के साथ उसके संबंध हैं। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल व चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। स्पेशल सेल ने शनिवार को बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिले की गोहाना तहसील के ग्राम मदीना का रहने वाला दिनेश उर्फ ढिल्लू (22 वर्ष) उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती आदि के कई जघन्य मामलों में वॉन्टेड है। इसके साथ ही वह दिल्ली-एनसीआर के खूंखार अंतरराज्यीय कुख्यात गैंगस्टर कौशल, मोनू लल्हेरी और नवीन बाली के साथ जुड़ा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने नवंबर 2021 में पत्नी की हत्या के मामले में दिनेश की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फिलहाल वह जेल में बंद अपने आकाओं के निर्देश के अनुसार, अपने प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्यों को खत्म करने की योजना बना रहा था। पुलिस ने बताया कि नवंबर 2021 में आरोपी दिनेश उर्फ ​​ढिल्लू ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी थी। वहीं, जनवरी 2022 में आरोपी ने अपने साथी सत्यवान के साथ हरियाणा के रोहतक के गांव खिड़वाली में सत्यवान के चचेरे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति रोहताश की हत्या कर दी, जिसे मृतक रोहताश ने मार दिया था। एक सप्ताह पहले 23 अप्रैल 2022 को आरोपी ने अपने साथियों कमली कांत और अन्य के साथ मिलकर संदीप उर्फ रामफल निवासी गांव असौदा, झज्जर, हरियाणा के घर में आग लगा दी थी। कमली कांत का होली पर संदीप उर्फ ​​रामफल से  झगड़ा हो गया था। 25 अप्रैल 2022 को आरोपी कमली कांत व अन्य ने यूपी के शामली क्षेत्र में हथियार दिखाकर एक फॉर्च्यूनर कार लूट ली थी।

आरोपी से पूछताछ में पता चलता है कि जेल से अपने आकाओं के निर्देशों के अनुसार, वह दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों हरियाणा और यूपी में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों को खत्म करने की योजना बना रहा था। दिनेश उर्फ ढिल्लू एक जूनियर नेशनल कबड्डी खिलाड़ी है और उसने विभिन्न कबड्डी टूर्नामेंटों में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया है। ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान वह खूंखार गैंगस्टर मोनू लल्हेरी, कौशल और नवीन बाली के संपर्क में आया था और फिर उनके गिरोह के साथ जुड़कर हत्या और अन्य जघन्य अपराधों को अंजाम देने लगा। 

 

#National Kabaddi

Source : Agency

पाठको की राय