Tuesday, October 20th, 2026

राष्ट्रीय खेल प्रस्तावित तारीख पर ही होंगे, राज्य सरकार ने आईओए को किया मेल- हम पूरी तरह तैयार

देहरादून.
राज्य सरकार ने कहा है कि 38वें राष्ट्रीय खेल 28 जनवरी से 14 फरवरी के बीच ही कराए जाएंगे। बीते 24 नवंबर को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 15 फरवरी से दो मार्च के बीच खेल कराने के लिए पत्र भेजा था, जिससे असमंजस की स्थिति बनी।

इस पर शुक्रवार को राज्य की ओर से आईओए को स्पष्ट कर दिया गया कि उत्तराखंड पूर्व प्रस्तावित तारीखों में ही राष्ट्रीय खेल के गौरवपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। इस संबंध में खेल मंत्री रेखा आर्या के निर्देश पर खेल निदेशक प्रशांत आर्य ने आईओए को ई-मेल से भेजा है, वहीं विशेष प्रमुख सचिव, खेल अमित सिन्हा ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आईओए की चेयरमैन पीटी ऊषा से मुलाकात करके भी राज्य का पक्ष रखा।

माना जा रहा है कि शनिवार तक आईओए का भी जवाब आ जाएगा। उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डीके सिंह ने बताया कि असमंजस को खत्म करने के लिए दो दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में भी बैठक हुई थी, जिसमें तय हुआ कि राज्य पूर्व निर्धारित तारीख पर ही खेलों की मेजबानी करेगा।

 

#State government

Source : Agency

पाठको की राय