Wednesday, October 21st, 2026

राष्ट्रीय आयोग ने दिग्विजय के बयान पर संज्ञान लिया,बढ़ीं मुश्किलें

भोपाल
 पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सोमवार को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ संज्ञान लेते हुए प्रदेश के डीजीपी को पत्र लिखा है। गौरतलब है कि हाल ही में दिग्विजय सिंह ने कहा था कि 'सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ने वाले बच्चे नफरत का पाठ सीख कर दंगा करते हैं।'


राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग  के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने सोमवार को मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी को पत्र लिखा है। आयोग ने कहा है कि सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों ने शिकायत की थी, जिस पर संज्ञान लिया गया है।

छात्रों ने आयोग से की शिकायत में कहा था कि दिग्विजय ने एक कार्यक्रम में कहा था कि सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ने वाले बच्चे नफरत का पाठ सीखकर दंगा करते हैं। इस कथन से हमें बेहद आघात लगा है, हमारी प्रतिष्ठा धूमिल हुई है, हमारे आसपड़ोस के बच्चे हमारे साथ खेलने, मेल-जोल करने में हिचकिचा रहे हैं और हमको दंगाई कहकर चिढ़ा रहे हैं। आयोग ने बच्चों की अपील पर आयोग ने पुलिस कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया है।

बीजेपी ने भी किया पलटवार

इधर, भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने दिग्विजय सिंह से सवाल किया है कि आतंकवादी ओसामा के नाम के साथ जी लगाना, आतंकी जाकिर नाईक को शांतिदूत बताना, बाटला हाउस एनकाउंटर को झूठा बोलकर इन्सपेक्टर मोहन शर्मा की शहादत को अपमानित करना, सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगना, यह सब कांग्रेस की किस पाठशाला में पढ़ाया जाता है, देश जानना चाहता है।

 

#दिग्विजय सिंह

Source : Agency

पाठको की राय