Sunday, October 25th, 2026

स्कूली विद्यार्थियों का राष्ट्रीय उपलब्धि परीक्षण 12 नवम्बर को

रायपुर
स्कूली विद्यार्थियों का राष्ट्रीय उपलब्धि परीक्षण इस वर्ष 12 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा। स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने इस वर्ष इस परीक्षण में स्कूल शिक्षा विभाग को पूरी तैयारी करने और जिले में बेहतर परिणाम लाने के लिए कलेक्टर के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से कार्य करने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय उपलब्धि परीक्षण का आयोजन एनसीईआरटी के माध्यम से होगा। डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कलेक्टरों से अपेक्षा की है कि इस अभियान में व्यक्तिगत ध्यान देने और नियमित मॉनिटरिंग करने से जिले एवं राज्य के परिणाम में आशातीत सुधार संभव हो सकेगा।

स्कूल शिक्षा सचिव द्वारा कलेक्टरों को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों अन्य विभागों के कार्यों से मुक्त रखकर उनका पूरा फोकस बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता सुधार के लिए किया जाए। जिले में सेतु पाठ्यक्रम के माध्यम से पिछली कक्षाओं के लर्निंग आउट कम को अगस्त माह के अंत तक सभी विद्यार्थियों में हासिल करवाए जाने के लिए आवश्यक पहल की जाए। जिले के स्कूलों में कक्षा तीसरी, 5वीं, 8वीं और 10वीं में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से अभ्यास सामग्री एवं वर्कशीट्स वितरित कर नियमित अभ्यास करवाया जाए। इन कक्षाओं के विद्यार्थियों को अभ्यास के लिए विगत राष्ट्रीय उपलब्धि परीक्षण के सेम्पल प्रश्न पत्र भिजवाए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के माध्यम से इन अभ्यास पुस्तिकाओं को शालाओं में पहुंचाते हुए बच्चों से अधिक से अधिक अभ्यास और ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया कराई जाए। राष्ट्रीय उपलब्धि परीक्षण में जिले को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए आगामी 50 दिनों के लिए स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम बनाकर क्रियान्वित करवाएं।

 

#National

Source : Agency

पाठको की राय